Published On : Mon, Dec 19th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: प्रत्याशियों की बढ़ी बेचैनी , उड़ी नींद : जिले में कुल मतदान 80.09 %

Advertisement

ईवीएम और वीवीपैट में कैद हुआ भाग्य , कल खुलेगा किस्मत का पिटारा

गोंदिया। जिले की 348 ग्राम पंचायतों में से 3 ग्राम पंचायतों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ था तथा 345 के लिए रविवार 18 दिसंबर को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न होने पर प्रत्याशियों की किस्मत मत पेटियों में बंद हो गई है। उधर वोटिंग के बाद मतदान केंद्रों से मत पेटियों को सील कर कड़ी सुरक्षा में पेट्रोलिंग पार्टी ईवीएम व वीवीपैट लेकर स्ट्रांग रूम पर पहुंची जहां उन्हें अलग-अलग कमरों में सुरक्षित रखा गया है।
स्ट्रांग रूम के बाहर कड़ा सुरक्षा पहरा बिठा दिया गया है तथा 24 घंटे सुरक्षाकर्मी मुस्तैदी से तैयार रहेंगे।

प्रत्याशियों के घरों पर समर्थकों की भीड़ , हार- जीत के आंकड़ों पर माथापच्ची

वोटिंग संपन्न होते ही प्रत्याशियों के हार- जीत का गणित लगाया जा रहा है। कौन सा उम्मीदवार किस पैनल का जीत रहा है और किसकी हार तथा किसकी जमानत जब्त हो रही है इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई। पंचायत का कौन बनेगा मुखिया यानी सरपंच, किसके सिर सजेगा ताज और किसकी होगी हार ?

Advertisement


ग्राम पंचायत सदस्य पद पर किसे मिलेगी जीत , मतदान के बाद प्रत्याशियों के घरों पर समर्थकों की भीड़ देखी गई तथा मतदान को लेकर चर्चा और वोट के आंकड़ों पर माथापच्ची की जा रही है। हालांकि सभी प्रत्याशी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं ऐसे में अब कल यानी 20 दिसंबर मंगलवार की सुबह किस्मत का पिटारा खुलेगा और हार जीत का फैसला होगा।

गोंदिया जिले में कुल मतदान 80.9%

मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ बंपर वोटिंग में हिस्सा लिया है गोंदिया जिले के 348 ग्राम पंचायतों के लिए कुल मतदान 80.9% रहा। गोंदिया तहसील की 71 ग्राम पंचायतों के लिए 79.87% वोट पड़े। गोरेगांव तहसील की 30 सीटों में से 2 पर निर्विरोध चुनाव हुआ था , 28 के लिए मतदान हुआ और यहां वोटिंग का प्रतिशत 83.23.% रहा। सड़क अर्जुनी के 43 ग्राम पंचायतों के लिए 80. 32 प्रतिशत की वोटिंग हुई। मोरगांव अर्जुनी तहसील में 40 ग्राम पंचायतों के लिए 80 .74% वोट पड़े। देवरी की 25 ग्राम पंचायतों में से ग्डवकी ग्राम पंचायत के लिए निर्विरोध मतदान हुआ था यहां 24 ग्राम पंचायतों के लिए वोट डाले गए और यहां वोट का 77.57 प्रतिशत रहा। सालेकसा तहसील की 31 ग्राम पंचायतों के लिए 81.14% मतदान हुआ। तिरोड़ा तहसील के 74 ग्राम पंचायतों के लिए 78.8% मतदान रिकॉर्ड किया गया वहीं आमगांव तहसील की 34 ग्राम पंचायतों के लिए 83.16 प्रतिशत वोट पड़े इस प्रकार गोंदिया जिले का कुल मतदान का प्रतिशत 80.09% रहा।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.