Published On : Fri, Mar 31st, 2023
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया : भए प्रगट कृपाला दीन दयाला ‌।

रामनवमी पर निकली मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम की भव्य शोभायात्रा
Advertisement

गोंदिया। रामनवमी के शुभ अवसर पर गुरुवार 30 मार्च के दिन पूरा शहर राममय हो गया। धर्मनगरी गोंदिया में भगवान राम के प्रति लोगों का अटूट विश्वास है लिहाज़ा श्री राम जन्मोत्सव समिति ने मर्यादा पुरुषोत्तम की भव्य शोभायात्रा निकाली । माथे पर तिलक , भगवा रंग का कुर्ता और पगड़ी पहने हजारों श्रद्धालु भगवी पताकाएं और हाथों में बड़े-बड़े भगवा ध्वज लहराते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए । डीजे के धुनों पर गूंज रहे मंगल गीतों के बीच जब शहर में शोभायात्रा निकली तो दर्शनों हेतु आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा शहर श्रीराम के जयघोष से गूंजने लगा।

राम दरबार के साथ भव्य झांकियों के श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

रामनवमी पर्व के उपलक्ष्य में शहर के रामनगर स्थित राम मंदिर से प्रभु श्री राम की आरती पूजन करने के उपरांत शोभायात्रा दोपहर 3 बजे आरंभ हुई। शोभा यात्रा के मार्गों पर रामचरित्र मानस की चौपाइयां और रंगोली सजी हुई थी , शोभा यात्रा का स्वागत श्रद्धालुओं ने जहां पूरी आस्था के साथ पुष्प वर्षा कर किया वहीं सांझ ढलते ही घर-घर हजारों दीप जलाए गए।

रामनवमी के मौके पर निकली भव्य शोभायात्रा दौरान इस मौके पर प्रमुख चौराहों पर भव्य आतिशबाजी भी की गई। राम दरबार के साथ भव्य स्वचालित झांकियों के जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन किए वहीं इस शोभायात्रा में शामिल राम भक्त महिला , पुरुष , युवक-युवतियों ने शोभायात्रा मार्ग पर डीजे के सुमधुर धुनों और बैंड बाजे ढोल नगाड़ों के बीच जबरदस्त जोश में कदमताल करते हुए समां बांधा। इस दौरान फूलों से सजा रथ और राम दरबार पर कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्यों ने पुष्प माला अर्पित कर आशीर्वाद ग्रहण किया।

Advertisement

शोभायात्रा ने हर वर्ष की तरह शहर के निर्धारित मार्गो का भ्रमण किया इस बीच जगह-जगह राम भक्तों के स्वागत हेतु स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा आलू पोहा , वडापाव ,अल्पाहार , फ्रूट , तरबूज , शरबत , शीतल पेयजल , मैंगो शेक , कुल्फी , आइसक्रीम , मिठाई आदि का वितरण किया गया ‌।

रामनवमी पर जगमग हुए धार्मिक स्थल , घर-घर हजारों दीप हुए रोशन

रामनवमी प्रमुख त्योहारों में से एक है श्रद्धालुओं द्वारा यह पर्व बड़े ही उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया जाता है ।
प्रभु राम के जन्मोत्सव पर शहर में सांझ ढलते ही दीपावली जैसा नजारा देखने को मिला , राम भक्तों ने अपने घरों के दरवाजे पर सुंदर रंगोली सजाई और घर-घर हजारों दीप जलाए गए।

शहर के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक रंगीन रोशनी से सजाया गया था इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं का दर्शनों हेतु दिनभर तांता लगा रहा।

शोभायात्रा नगर भ्रमण पश्चात मंदिर परिसर पहुंची जहां महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.