Published On : Thu, Nov 7th, 2024
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: चुनाव के लिए राकांपा के घोषणा पत्र के वादे कितने होंगे असरदार

सांसद प्रफुल्ल पटेल ने अपने पार्टी का मेनिफेस्टो किया जारी, गोंदिया भंडारा जिले के खुशहाली का किया वादा
Advertisement

गोंदिया। चुनाव से पहले तमाम राजनीतिक पार्टियां लोक लुभावन वादे करतीं है। बड़े पैमाने पर जनता को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वित्तीय सहायता प्रदान कर माहौल अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जाता है।

महायुति गठबंधन के घटक दलों ने जहां संयुक्त मेनिफेस्टो जारी किया वहीं अगले दिन यानी 6 नवंबर बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता सांसद प्रफुल्ल पटेल ने राकांपा पार्टी का घोषणा पत्र गोंदिया में जारी किया।

इस अवसर पर आयोजित पत्र परिषद में बोलते हुए राकांपा ( अजीत गुट) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा-पार्टी महाराष्ट्र में 56 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ रही है वहीं गोंदिया भंडारा जिले में दो सीटों अर्जुनी मोरगांव और तुमसर में पार्टी चुनाव लड़ रही है।
भंडारा , तिरोड़ा , गोंदिया , आमगांव , इन 4 विधानसभा क्षेत्र पर मित्र पक्ष भाजपा के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं जिनकी हम मदद कर रहे हैं।

हमने गोंदिया भंडारा जिले के लिए जो अब तक विकास काम किए हैं और जो आने वाले 5 वर्षों में करने वाले हैं इसका उल्लेख इस हमारे पार्टी घोषणा पत्र में है।

धान उत्पादक किसान , दलित ,आदिवासी , ओबीसी बंधु को हम आश्वस्त करते हैं कि उनके विकास के लिए हम कटिबध्द है।
गोंदिया भंडारा जिला प्रत्येक क्षेत्र में विकसित होना चाहिए उद्योग धंधे में बढ़ोतरी होनी चाहिए , सिंचन की सभी सुविधाएं यहां उपलब्ध होनी चाहिए , ग्रामीण क्षेत्र के रोड रास्ते अच्छे होने चाहिए। स्किल डेवलपमेंट को केंद्र सरकार बहुत प्रोत्साहन दे रही है जो एक अच्छी बात है। किसी भी विषय में डिग्री लेना अच्छी बात है लेकिन उसमें प्रशिक्षण बहुत जरूरी है। 1991 में जब मैंने पहला लैकसभा चुनाव लड़ा था , तब से अब तक अगर हम देखें तो सिंचाई के क्षेत्र में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है , उसे वक्त गोंदिया भंडारा जिले में जो सिंचन की स्थिति थी उसमें आज 3 लाख हेक्टर सिंचित भूमि की बढ़ोतरी हुई है , यह कोई मामूली बात नहीं है।

Advertisement

2009 में हमने धान उत्पादक किसानों को धान पर ढाई सौ रुपए प्रति क्विंटल बोनस की घोषणा की थी उसमें बढ़ोतरी होते होते आज
20,000 रुपए प्रति हेक्टेयर पहुंच चुकी है , हमारी संकल्पना है कि किसानों को प्रति हेक्टर 25, 000 रुपए मिलना चाहिए।

समृद्धि महामार्ग से आएगी गोंदिया भंडारा जिले में समृद्धि

महाराष्ट्र सरकार ने लाडली बहना योजना के तहत 1500 रूपये प्रतिमाह देने का निर्णय लिया और उसकी शुरुआत भी की , यह खुशी की बात है कि राज्य की 2.4 करोड़ बहनों के खाते में 5 महीने के पैसे 7500 रुपए के रूप में पहुंच चुके हैं।
इस योजना को जारी रखेंगे और इसमें बढ़ोतरी करते हुए 2100 रुपए प्रति माह मिलना चाहिए यह हमारे महायुति के घोषणा पत्र में है।
लड़कियों को फ्री एजुकेशन की सुविधा उपलब्ध है डॉक्टर , इंजीनियर , पायलट कोई भी प्रशिक्षण उन्हें मिलना चाहिए इसका उल्लेख हमने घोषणा पत्र में किया है।

शासकीय एसटी बस में सफर करने वाली महिलाओं को 50% टिकट छूट दी जा रही है। किसानों के कृषि सिंचाई बिजली बिलों को महायुति सरकार ने पूर्ण रूप से शून्य कर दिया है। मदरसे में पढ़ाने वाले शिक्षक को पहले 6000 रुपए मिलते थे अब 16000 रुपए मिल रहे है , जिन्हें 8000 वेतन मिलता था उनका 18, 000 किया गया है।

मराठा समाज को 10% आरक्षण राज्य सरकार ने दिया है कायदे के द्वारा यह लाभ मिलना चाहिए इसके लिए सरकार कटिबद्ध हैं।
समृद्धि महामार्ग नागपुर से मुंबई तक था इसे गोंदिया तक विस्तारित कर बढ़ाया गया है अब यह समृद्धि महामार्ग गोंदिया से मुंबई तक होगा।

गोंदिया भंडारा जिले में जो अब तक विकास काम नहीं हुए है वह आने वाले समय में पूर्ण किए जायेंगे इस बात का मैं आश्वासन देता हूं।
सांसद प्रफुल्ल पटेल की आयोजित इस पत्र परिषद के दौरान पूर्व विधायक राजेंद्र जैन तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.