Published On : Wed, May 17th, 2023
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: एयरपोर्ट अथॉरिटी की हिटलरशाही, किसान के खेत से खोद ले गए 100 टिप्पर मिट्टी

खनन माफियाओं ने खेत में कर दिया 5 फीट गहरा गड्ढा , किसान ने की संबंधितों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
Advertisement

गोंदिया। मौजूदा वक्त में बिरसी एयरपोर्ट अथॉरिटी के सानिध्य में खनन माफिया काफी सक्रिय हो गए हैं तथा इसके ठेकेदारों द्वारा मिट्टी खोदकर धड़ल्ले से बेची जा रही है।
अब बिरसी एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा विमानातल से लगे किसानों के खेतों को निशाना बनाया जा रहा है जिसे लेकर लोगों में खासा रोष है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा ग्राम बिरसी निवासी गरीब किसान दिलीपसिंह प्रितम सिंह नैकाने के मालकियत के खेत से जिसका गट क्रमांक 446 है यहां से 2 दिनों के भीतर 100 टिप्पर से अधिक खेत की मिट्टी खोदकर उसे जबरन उठा ले जाने का मामला सामने आया है।

बता दें कि ग्राम परसवाड़ा साइड में एयरपोर्ट का रनवे बड़ा और चौड़ा करने का काम चल रहा है और किसान के खेत से उठाई गई मिट्टी के ढेर यहां लगा दिए गए हैं।

पीड़ित किसान दिलीप सिंह नैकाने ने मिट्टी चोरी तथा अवैध उत्खनन का मामला मंगलवार 16 मई को ग्राम पंचायत बरसी के पदाधिकारियों के संज्ञान में लाया जिसके बाद उपसरपंच उमेशसिंह पंडेले ने इस मामले को लेकर बिरसी एयरपोर्ट अथॉरिटी के सहायक प्रबंधक गोस्वामी से संपर्क साधा तथा उन्हें मौके पर आने को कहा।

Advertisement

एयरपोर्ट भूमि विभाग का रिकॉर्ड और नक्शा लेकर अरुण मरस्कोल्हे यह 3- 4 अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे ।

गट क्रमांक 446 यह किसान का निजी खेत है यहां वह फसल उगाता है तुम बिना पूर्व सूचना दिए व बिना परमिशन , किसी की खेती को पोकलैंड मशीन से खोद कर उसकी मिट्टी एयरपोर्ट रनवे पर क्यों ले जा रहे हो ?

ग्राम पंचायत पदाधिकारियों के इस सवाल के जवाब में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने नक्शा निकाला , कागज निकाले तथा जांच की तो पता चला 446 गट की जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी की है ही नहीं ? ना यह भूमि अधिग्रहित की गई है और ना ही इस जमीन की मालकियत विमानतल विकास प्राधिकरण के पास है ।

वह प्रॉपर्टी खेत मालिक की है और रिकॉर्ड में उसके तथा उसके परिवार के नाम पर दर्ज है और ठेकेदार की लापरवाही के चलते इस खेत जमीन पर पूरा गढ्ढा कर दिया गया और 100 टिप्पर से अधिक 10 से 12 लाख रुपए की मिट्टी उठा ले गए हैं।

पीड़ित किसान लिखित शिकायत लेकर कलेक्टर के पास पहुंचा , लगाई गुहार
पीड़ित किसान लिखित ज्ञापन लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचा , दिए प्रतिवेदन में कहा गया है कि- खेत की जमीन जिसका गट क्रमांक 446 है यहां मैं अपनी खेती करता हूं और अपनी फसल उगाकर जीवन निर्वाह करता हूं , मंगलवार 16 मई को जब मैं अपने खेत पर पहुंचा तो देखा पोकलेन मशीन मेरे खेत पर चल रही है तथा बहुत बड़े भूखंड में तकरीबन 5 फीट गहरा गड्ढा हो चुका है।

बरसी विमानतल प्रशासन द्वारा मेरी जमीन पर 15 मई से अवैध खोदकाम कर वहां से मिट्टी , एयरपोर्ट रनवे पर ले गए है जिससे 10 से 12 लाख रुपए का मेरा नुकसान हो चुका है लिहाजा एयरपोर्ट अथॉरिटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मेरे नुकसान की भरपाई दिलाकर मुझे न्याय प्रदान करें ऐसी अपील जिलाधिकारी को सौंपा पत्र में की गई है ‌ तथा प्रतिवेदन की कॉपी सांसद सुनील मेंढे, विधायक विनोद अग्रवाल , उपविभागीय अधिकारी गोंदिया , थाना प्रभारी रावनवाड़ी को भी दी गई है।

विशेष उल्लेखनीय है कि एक तरफ किसान जो दशकों पहले बिरसी विमानतल विकास प्राधिकरण को अपनी जमीन देकर उचित मुआवजे के अपने हक्कों के लिए दफ्तर -दफ्तर धक्के खा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ बिरसी एयरपोर्ट अथॉरिटी का ठेकेदार गैंग इन किसानों के खेतों पर जबरन कब्जा कर उनके खेत से मिट्टी चुराने का काम कर रहा है जिससे किसानों की समस्याएं घटने के बजाय उनकी परेशानियां बढ़ती ही जा रही है।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.