Published On : Mon, Feb 12th, 2024
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: बदलाव तब आता है जब आम आदमी का जीवन बदलता है- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते महामहिम बोले-आज का दौर विकसित भारत का दौर , महाराष्ट्र की कृषि नीति देश के लिए प्रेरणा का स्रोत
Advertisement

गोंदिया। 11 फरवरी को स्वर्ण पदक वितरण समारोह में पहुंचे देश के उपराष्ट्रपति महामहिम जगदीप धनखड़ ने अपने संबोधन में कहा- शिक्षा सबसे बड़े बदलाव का केंद्र है स्व.मनोहर भाई ने जो आदर्श स्थापित किए जो शिक्षा का पौधा उन्होंने लगाया वह आज वट वृक्ष का रूप ले चुका है , शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाले मनोहर भाई पटेल 25 वर्षों तक गोंदिया नगर परिषद में नगराध्यक्ष रहे , 4 बार विधानसभा का भी उन्होंने नेतृत्व किया , उनके पुत्र प्रफुल्ल भाई ने पिता का अनुसरण करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

प्रफुल्ल भाई को मैं लंबे समय से जानता हूं वे लोकसभा में रहे , राज्यसभा में हैं , लंबी राजनीतिक पारी खेलने वाले प्रफुल्ल भाई ने मुझे जब निमंत्रण दिया तो मैंने सोचा जाकर हालात का जायज़ा लिया जाए कि ये कागज़ी नेता हैं या फिर जमीन पर भी कोई बदलाव है , यहां आकर पता चला कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए काफी कुछ काम किया है। वर्षा प्रफुल्ल पटेल से कहूंगा आप लगे रहिए आप गोंदिया एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा हैं।

राज्यसभा का सभापति होने के नाते मेरा सांसदों से भी नाता रहता है , प्रधानमंत्री मोदी जहां नींव डालते हैं इसका लोकार्पण भी करते है।
उपराष्ट्रपति ने कहा- जब मैं सांसद बना था तब 1989 में देश के सामने बड़ी आर्थिक चुनौती थी सोने की चिड़िया कहलाने वाले देश का सोना हवाई जहाज से स्विट्जरलैंड भेजा गया -गिरवी रखा गया ताकि हमारी आर्थिक समस्या खत्म हो। देश में बदलाव तब आता है जब आम आदमी के जीवन बदलता है आज का दौर विकसित भारत का दौर है वह साधारण व्यक्ति जो सोच नहीं सकता था कि वह गुज़ारा कैसे करेगा वह आज दूसरों के रोजगार सृजन का माध्यम बन गया है।

स्वच्छता अभियान ,घर-घर शौचालय , मुद्रा लोन , हर घर जल में नल , गरीब को मकान यह क्रांतिकारी कदम है , 140 करोड़ की देश में इस तरह की बेहतरीन व्यवस्था करना कोई साधारण बात नहीं है।

Advertisement

भारतीयता हमारी पहचान है हमें उसपर पर गर्व होना चाहिए , चंद्रयान 3 ने चांद पर कदम रख लिया , इस वर्ष 26 जनवरी को राजपथ पर हमने एयर फोर्स , नेवी , आर्मी परेड के रूप में नारी शक्ति का रूप देखने को मिला।

राष्ट्रपति भवन में कौन बैठता है ? भारत का प्रथम नागरिक कौन है ? जनजाति की महिला द्रौपदी मुर्मू आज भारत की राष्ट्रपति है जिन्होंने अपने दस्तखत से ‘ वन थर्ड रिजर्वेशन ‘ महिलाओं के लिए आरक्षित किया है।

मैं मंच पर बैठे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भी बधाई देता हूं केंद्र सरकार से किसान को हर साल 6000 मिलते हैं मुख्यमंत्री ने 6000 अनुदान और जोड़ दिया अब महाराष्ट्र में किसानों को प्रतिवर्ष 12000 मिलते हैं।

महाराष्ट्र की कृषि नीति देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है , यहां कृषि बीमा के लिए किसान को सिर्फ 1 रूपए का प्रीमियम देना पड़ता है जो कि लाभार्थी के रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी है।

गोंदिया का इलाका नक्सल की चपेट में था अब नक्सलवाद खत्म हो गया है यह सुख चैन की बात है और यह नगरी देश में चावल की पहचान का केंद्र है ।

मनोहर भाई ने शुन्य से शिखर का सफर तय किया- मुख्यमंत्री शिंदे

सांसद प्रफुल्ल पटेल प्रति वर्ष स्वर्गीय मनोहर भाई पटेल के जयंती समारोह अवसर पर प्रवीणता प्राप्त विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित करने का कार्यक्रम करते हैं जिसमें हजारों लोग शामिल होते हैं यह एक सराहनीय कदम है। कठिन परिस्थितियों में मेहनत मजदूरी करने वाले मनोहर भाई पटेल जो खुद शिक्षा अर्जित नहीं कर सके उन्होंने गोंदिया भंडारा जिले में शिक्षा का अलख जगाया ताकि क्षेत्र का कोई विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे।

गोंदिया नगर परिषद में नगराध्यक्ष पद से विधायक और इतने बड़े ओहदे पर जाने के बाद भी मनोहर भाई का शालीनता भरा व्यवहार यह उन्हें और भी महान बनाता है।

आज गोंदिया आकर खुशी हुई और गोंदिया नगर परिषद की निर्माणाधीन भव्य इमारत के लिए मैं 30 करोड़ रुपए के निधि की घोषणा करता हूं ऐसे विचार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने व्यक्त किए।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते सांसद प्रफुल्ल पटेल ने कहा- तब का गोंदिया भंडारा जिला यह सीपीबरार का क्षेत्र हुआ करता था और एक ही हाईस्कूल थी और वह भी भंडारा में थी गोंदिया के विद्यार्थीयों को 100 किलोमीटर दूर जाकर पढ़ाई करनी पड़ती थी।

लेकिन बच्चों को शिक्षित करने हेतु मनोहर भाई पटेल ने एक ही दिन 22 स्कूलों की नींव रखी आज उनके इंस्टिट्यूट में 1लाख 25 हजार विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

मनोहर भाई पटेल को शिक्षा के साथ कृषि क्षेत्र से लगाव था लिहाजा सिंचाई के क्षेत्र में उन्होंने बहुत उल्लेखनीय कार्य किए। 1952 में वे चुनाव लड़े और जीते , उनकी स्मृति को याद रखते हुए हम उनका जयंती समारोह मनाते हैं ।

कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस , सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे , डॉ. सी रमेश , सांसद सुनील मेंढे, पालक मंत्री धर्मराव बाबा आत्राम, पुर्व मंत्री डॉ परिणय फुके , विधायक विनोद अग्रवाल , विजय रहांगडाले , राजू कारेमोरे , सहसराम कोरेटे , जिला परिषद अध्यक्ष पंकज रहांगडाले , गोंदिया शिक्षण संस्था अध्यक्षा श्रीमती वर्षा पटेल के हस्ते प्रवीणता प्राप्त विद्यार्थियों , सामाजिक व पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले गणमान्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व विधायक राजेंद्र जैन ने किया।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.