गोंदिया। गोंदिया-तिरोड़ा मार्ग पर 16 अगस्त रविवार शाम रफ्तार का ऐसा खूनी तांडव देखने को मिला जिसने हर किसी को दहला कर रख दिया। गंगाझरी थाना क्षेत्र स्थित मजितपुर शासकीय आश्रम शाला के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने पल्सर बाइक को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आश्रम स्कूल के पास बोलेरो की जोरदार टक्कर
हादसा गंगा झरी थाना अंतर्गत आने वाले मजितपुर आश्रम के पास शाम करीब 7:15 बजे हुआ, जब तीनों युवक पल्सर से तिरोड़ा से गोंदिया की ओर आ रहे थे। टक्कर इतनी भयावह थी कि तीनों युवक उछलकर काफी दूर जा गिरे और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। मृतकों की पहचान सौरभ जयसिंह बघेले, गौरव गणेश बैठुवार और निखिल वासुदेव मेश्राम (सभी निवासी- लोधीटोला, धापेवाड़ा) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही गंगाझरी थाना प्रभारी धीरज राजुरकर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोंदिया जिला अस्पताल भेजा और बाधित यातायात को सुचारू कराया।
इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद धापेवाड़ा के लोधीटोला इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार मालवाहक के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है , प्रकरण के आगे की जांच में पुलिस जुटी है।
रवि आर्य




