Published On : Thu, Nov 6th, 2025
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: BJP पर्यवेक्षक ने लिए इंटरव्यू , टिकट किसे.. फैसला जल्द

संगठनात्मक कार्य, जनता में पकड़ , पिछली चुनावी भूमिका और जीत की संभावनाओं पर फोकस
Advertisement

गोंदिया। निकाय चुनावों के ऐलान के साथ ही गोंदिया ज़िले में सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी तैयारियों को गति देते हुए उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य स्तरीय तथा गोंदिया , तिरोड़ा, सालेकसा , गोरेगांव हेतु नियुक्त पर्यवेक्षक अरविंद गजभिये गोंदिया पहुंचे, जहां उन्होंने गणेश नगर स्थित राणी सती मंदिर हॉल में चारों निकायों गोंदिया, तिरोड़ा, सालेकसा और गोरेगांव के संभावित उम्मीदवारों से व्यक्तिगत इंटरव्यू लिए।

वही मैदान में उतरेगा जो जीत की गारंटी देगा
सूत्रों के मुताबिक बैठक में नगर परिषद और नगर पंचायत के कुल 66 प्रभागों के इच्छुक दावेदारों ने भाग लिया। हर उम्मीदवार से संगठनात्मक कार्य, जनता में पकड़, पिछली चुनावी भूमिका और क्षेत्रीय समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। पर्यवेक्षक ने हर प्रत्याशी का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर लिया है। अनौपचारिक चर्चा में पर्यवेक्षक गजभिये ने साफ कहा कि भाजपा का लक्ष्य है-संगठन को मजबूत करना और जनता के बीच काम करने वाले ईमानदार जनसेवक को आगे लाना।
सूत्रों के अनुसार, पर्यवेक्षक की रिपोर्ट सीधे संगठन मंत्री उपेंद्र कुठेकर के माध्यम से राज्य चुनाव समिति और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक भेजी जाएगी , इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों की अंतिम सूची तय होगी।


पार्टी में उत्साह, नेताओं की मौजूदगी में हुई समीक्षा
इस इंटरव्यू सत्र के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि के तौर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सीताताई रहांगडाले, विधायक विनोद अग्रवाल, जिला महासचिव सुनील केलनका, पूर्व नगराध्यक्ष अशोकराव इंगले, पूर्व नगराध्यक्ष कशिश जायसवाल, पूर्व नगर सेविका भावना कदम, पार्टी पदाधिकारी शालिनी डोंगरे, ऋषिकांत साहू, विवेक मिश्रा, शंभू शरण सिंह ठाकुर, जयंत शुक्ला, पूर्व नगर सेवक शिव शर्मा सहित मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

29 बीजेपी और 15 एनसीपी फॉर्मूले पर चर्चाएँ तेज़
सूत्रों के अनुसार, आगामी नगर निकाय चुनाव में भाजपा और एनसीपी (अजीत गुट) के बीच गठबंधन की संभावनाएं प्रबल हैं।
गोंदिया नगर परिषद में सीट शेयरिंग को लेकर फिलहाल 29 सीट बीजेपी और 15 सीट एनसीपी का फार्मूला चर्चा में है, हालांकि सूत्र बताते हैं कि इसमें अभी “मोलभाव की गुंजाइश” बनी हुई है।अगर गठबंधन पर बात नहीं बनी तो दोनों ही दल अपने बूते मैदान में उतरेंगे।बता दें कि चार दिन बाद ही नामांकन भरने की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हो रही है जो 17 नवंबर तक चलेगी।नामांकन पत्रों की जांच ( स्कूटनी )18 नवंबर को होगी , नामांकन वापसी की तिथि 21 नवंबर दोपहर 3 बजे तक है। 26 नवंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे जबकि मतदान 2 दिसंबर सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा और 3 दिसंबर को सुबह 10 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Advertisement

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.