Published On : Sat, Jul 9th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया /भंडारा: धान खरीदी में धांधली, व्यापारी उठा रहे लाभ

Advertisement

किसानों के साथ छलावा, बिचौलियों की बल्ले- बल्ले: सांसद सुनील मेंढे ने तहसीलदार और थाने में की शिकायत

गोंदिया/ भंडारा। धान खरीदी केंद्रों में किसानों के परेशानियों को लेकर भाजपा सांसद सुनील मेंढे और निर्दलीय विधायक विनोद अग्रवाल ने नाराज़गी व्यक्त करते इस बात का आरोप लगाया है कि सरकारी धान खरीदी सेंटरों में किसानों का कम, व्यापारियों का ज्यादा माल खरीद कर केंद्र संचालक अपनी जेब भर रहे है वहीं हजारों किसान अपनी उपज लिए धान खरीदी केंद्रों में कई दिनों से पड़े हैं और अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं।

प्रशासन में बैठे लोगों को धान खरीदी केंद्रों पर चल रही धांधली की जानकारी होने के बावजूद किसानों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिसकी वजह से किसान अपने धान को बेचने के लिए त्राहि-त्राहि हो रहे है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले कृषि विभाग द्वारा गलत बुवाई रिपोर्ट के कारण भंडारा-गोंदिया जिला अपने धान खरीदी के लक्ष्य को पूरा करने में विफल रहा।

Advertisement

भंडारा: महज़ 5 घंटे में धान खरीदी का लक्ष्य पूरा और पोर्टल बंद

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सांसद सुनील मेंढे तथा विदर्भ के 6 विधायकों के शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपा साथ ही केंद्र सरकार को पत्र लिखा।

इस सिलसिले में 4 दिन पूर्व केंद्र सरकार ने एक पत्र जारी कर राज्य के धान खरीदी उद्देश्यों को बढ़ाया जिसके तहत भंडारा जिले के लिए 6 लाख 41 हजार क्विंटल धान खरीदी का अतिरिक्त लक्ष्य दिया गया है ।

सरकारी खरीद केंद्रों पर 7 जुलाई दोपहर 12:00 बजे से धान की खरीदी शुरू हुई लेकिन शाम तक महज़ 5 घंटे में खरीदी का लक्ष्य पूरा हो गया और पोर्टल बंद कर दिया गया, कई केंद्रों पर जरूरत से ज्यादा खरीदारी की गई है तथा चंद घंटे में एक ही केंद्र पर 3000 से 15000 क्विंटल की धान खरीदी उजागर होने से हड़कंप मच गया है।

सांसद सुनील मेंढे का आरोप है कि व्यापारियों द्वारा फर्जी सातबारा के आधार पर धान बेचा गया है वहीं असली किसान धान बेचने से वंचित हैं , सांसद सुनील मेंढे ने धान खरीदी केंद्र पर फर्जी सातबारा के उपयोग के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की अपील तहसीलदार व थाने में की है।

आश्चर्य: गोंदिया जिले में 1 घंटे के भीतर 4.5 लाख क्विंटल की धान खरीदी

धान खरीदी केंद्रों में किसानों से धान की खरीदी न करते हुए, व्यापारियों के धान की खरीदी की गई है और 7 जुलाई को महज 1 घंटे में 4.5 लाख क्विंटल धान खरीदी संपूर्ण जिले में की गई है ऐसा आरोप विधायक विनोद अग्रवाल ने लगाते हुए इस संदर्भ में मुख्यमंत्री , उपमुख्यमंत्री व गोंदिया जिलाधिकारी को भेजे पत्र के माध्यम से धान खरीदी संस्था तथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

आरोप लगाते कहा गया है कि- जिले में चल रही धान खरीदी में जमकर धांधली की जा रही है इसका लाभ स्थानीय व्यापारी उठा रहे हैं।

दरअसल विगत कुछ अरसे से न्यूनतम समर्थन मूल्य ( MSP) पर धान खरीदी बंद होने से रब्बी सीजन की फसलों की बुआई के लिए किसानों को पैसे की जरूरत थी इसलिए वे निजी व्यापारियों और राइस मिलर्स तथा बिचौलियों को औने पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर थे।

अब कारोबारी किसानों से कम भाव में खरीदी के धान को सरकारी केंद्रों पर बेच रहे है जबकि किसान धान की उपज में अपनी लागत भी नहीं निकल पा रहा है।

खरीदी केंद्रों में किसानों का कम और व्यापारियों से ज्यादा माल की खरीदी कर , केंद्र संचालक अपनी जेब भर रहे हैं ‌ नतीजतन किसानों का धान घरों पर पड़ा है और हाथ में पैसा ना होने के कारण किसानों को रोजमर्रा की सामग्री लेने और खासकर खाद्य , दवाई , बीज लेने में परेशानी हो रही है।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.