Published On : Mon, Nov 16th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया : एयर होस्टेस का मर्डर , साथ घूमने गया दोस्त हिरासत में , ‘लूट ‘ वाली कहानी पर पुलिस को शक

दिवाली मनाने मायके आई थी वर्षा तुरकर , ढाई साल की मासूम के सिर से उठा मां का साया
Advertisement

गोंदिया : एयर होस्टेस का मर्डर , साथ घूमने गया दोस्त हिरासत में , ‘लूट ‘ वाली कहानी पर पुलिस को शक

गोंदिया। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा पर बहने वाली वैनगंगा नदी का शांत तट एक सनसनीखेज वारदात से दहल उठा है। पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस में कार्यरत 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर ( सैय्यद) की धारदार हथियार से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिवाली की खुशियां मनाने अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ मायके आई वर्षा की 14 नवंबर की शाम हुई इस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस ब्लाइंड मर्डर की सबसे बड़ी गुत्थी वर्षा के उस परिचित दोस्त के इर्द-गिर्द घूम रही है, जो वारदात के वक्त उसके साथ मौजूद था, लेकिन कथित हमले में उसे एक खरोंच तक नहीं आई।

​सैर बनी आखिरी सफर, शरीर पर मिले गहरे घाव

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरी गांव निवासी वर्षा तुरकर (पति समीर सैयद) 14 नवंबर की शाम करीब 4 बजे गोंदिया निवासी अपने परिचित नितेश उर्फ खंबू अग्रवाल के साथ घूमने निकली थी। दोनों महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बोंडरानी (अर्जुनी) जंगल में वैनगंगा नदी के किनारे पहुंचे थे। शाम करीब 6 बजे नितेश ने वर्षा के परिजनों को फोन कर सूचना दी कि तीन नकाबपोश हमलावरों ने लूटपाट के इरादे से उन पर हमला किया, जिसमें वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गई है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने वर्षा को खून से लथपथ पाया। उसकी पीठ और शरीर पर चाकू के चार गहरे घाव थे। खैरलांजी के शासकीय अस्पताल ले जाने पर शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गोंदिया : एयर होस्टेस का मर्डर , साथ घूमने गया दोस्त हिरासत में , ‘लूट ‘ वाली कहानी पर पुलिस को शक
​पुलिस के रडार पर दोस्त की ‘लूट वाली कहानी’

Advertisement

नितेश अग्रवाल द्वारा बताई गई तीन नकाबपोशों की कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही है। जांच अधिकारियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि तीन हमलावरों ने लूट के लिए हमला किया, तो उन्होंने सिर्फ वर्षा को ही निशाना क्यों बनाया और साथ मौजूद नितेश बिना किसी खरोंच के कैसे बच निकला?
इन्हीं संदेहों के आधार पर पुलिस ने नितेश को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी है।

दो राज्यों की पुलिस के समन्वय से सुलझेगी गुत्थी

घटना की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश के खैरलांजी, वारासिवनी और कटंगी पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शुरुआती जांच की। चूंकि वर्षा ने खैरलांजी अस्पताल में दम तोड़ा, इसलिए वहां मर्ग कायम कर 16 नवंबर को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अब घटनास्थल महाराष्ट्र के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र का होने के कारण केस की जांच महाराष्ट्र पुलिस को ट्रांसफर की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट , कॉल डिटेल से होगा राज़ बेपर्दा

वर्ष 2024 में विवाह बंधन में बंधी वर्षा के पति समीर सैयद इंदौर में रहते हैं।
दिवाली की खुशियां मातम में बदल गई है और ढाई साल की मासूम बेटी मां के आंचल से महरूम हो गई है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर असली गुनहगारों को बेनकाब करने की मांग की है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, दोस्त से पूछताछ और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से ही इस खौफनाक साजिश से पर्दा उठ सकेगा।
बहरहाल कई सवाल उठ रहे है मसलन: तीन नकाबपोश हमलावरों ने सिर्फ वर्षा पर ही जानलेवा हमला क्यों किया?
हमले के वक्त साथ मौजूद नितेश ने वर्षा को बचाने के लिए क्या किया और वह पूरी तरह सुरक्षित कैसे रहा?
सुनसान जंगल में नदी किनारे जाने का प्लान किसका था- वर्षा का या दोस्त नितेश का ?
इन्हीं सवालों के संदर्भ में पुलिस पूछताछ कर रही है।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.