Published On : Sat, Jun 30th, 2018

गोकुलपेठ बाजार में मचा हंगामा

Advertisement

नागपुर: शुक्रवार की दोपहर गोकुलपेठ बाजार के भीतर उस समय ओटे छोड़कर सड़कों पर बैठे अतिक्रमणकारियों में हंगामा मच गया, जब अचानक दस्ता कार्रवाई के लिए दलबल के साथ सब्जी बाजार के भीतर घुस गया. दस्ते को देखते ही ग्राहकों के आवागमन के लिए बनी सड़कों पर से सब्जी आदि के विक्रेता सामान बचाने की जुगत में भीड़ गए. सामान समेटकर भले ही कई अतिक्रमण गायब हो गए, लेकिन दस्ते ने दूकानों के अलावा सड़कों तक निकाले कई शेड का सफाया कर दिया.

उल्लेखनीय है कि मनपा की ओर से सब्जी बाजार में कुछ दूकानों को ओटे और दूकान आवंटित किए गए हैं. जहां सब्जी-भाजी के अलावा अन्य का व्यवसाय किया जाता है. इन दूकानदारों ने अतिक्रमण कर सामने तक शेड डालकर दूकान को फैला दिया था. इस संदर्भ में दूकानदारों को पहले भी हिदायत दी गई थी. इसके बावजूद स्थिति ज्यों की त्यों होने से दस्ते ने कार्रवाई को अंजाम दिया.

एसटी स्टैंड पर तोड़ा अनधिकृत भोजनालय
मनपा के प्रवर्तन विभाग के अन्य दस्ते ने धंतोली जोन अंतर्गत गणेशपेठ बस अड्डे के सामने कार्रवाई को अंजाम दिया. बस अड्डे के ठीक सामने विपरीत दिशा में सड़क के किनारे अवैध रूप से कब्जा कर अतिक्रमणकारी ने अंबिका भोजनालय खोल रखा था. यहां तक कि फुटपाथ पर अनधिकृत रूप से ओटे तैयार कर शेड भी डाल रखा था. दस्ते के पहुंचते ही दूकानदार की ओर से कुछ विरोध करने का प्रयास तो किया गया, लेकिन अनधिकृत होने के कारण दस्ते ने इसका सफाया कर दिया.

इसके अलावा कुंदनलाल गुप्ता नगर में सत्यभामा देवघरे का जर्जर मकान तोड़ा गया. कार्रवाई में प्रवर्तन विभाग प्रमुख अशोक पाटिल, प्रवर्तन निरीक्षक संजय कांबले, नितिन मंथनवार, जमशेद अली, संजय शिंगने, विजय इरखेड़े ने हिस्सा लिया.

Advertisement

जेसीबी टूटा, ट्रक की जली वायरिंग
शुक्रवार को भले ही मनपा की ओर से धार्मिक अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई हो, लेकिन बारिश के कारण कार्रवाई नहीं कर पानेवाले प्रन्यास के दस्ते की ओर से मानेवाड़ा रोड पर स्थित मंगलदीप सोसाइटी के नागोबा मंदिर और सेवादल नगर स्थित नागोबा मंदिर हटाने के बाद अचानक जेसीबी का पंजा ही टूट गया. यहां तक कि थोड़ी देर बाद उन्मूलन के लिए कर्मचारियों को ले जानेवाले वाहन की वायरिंग भी जल गई जिससे इसके बाद कार्रवाई नहीं हो सकी.

इस संदर्भ में अधिकारियों का मानना था कि गत कुछ दिनों से धार्मिक अतिक्रमणों के भारी भरकम पक्के निर्माण के खिलाफ मशीनरी से कार्रवाई चल रही है जिसकी वजह से जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि दूसरी मशीनरी उपलब्ध है, लेकिन अब तक जिन अतिक्रमणों को हटाया गया, वहां का मलबा उठाने में अन्य सामग्री लगी हुई थी, जिससे कार्रवाई को स्थगित कर देना पड़ा. कार्रवाई में संजय चिमूरकर, अविनाश बागड़े, संदीप राऊत, महेश चौधरी, विनोद खुलगे, रवि रामटेके और प्रवर्तन विभाग प्रमुख मनोहर पाटिल सहित हुड़केश्वर थाना के कई पुलिस कर्मियों ने हिस्सा लिया.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.