Published On : Thu, Apr 11th, 2019

लोकसभा चुनाव 2019 : अबकी बार किसकी सरकार? 91 सीटों के लिए वोटिंग

Advertisement

नयी दिल्ली: आज से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव शुरू हो रहा है। देश के 20 राज्यों की 91 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गया है। 91 लोकसभा सीटों पर कुल 1279 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान की तैयारियां पुख्ता कर ली गई हैं। चुनाव आयोग ने हर वोटर से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है। पहले चरण के मतदान में कई हाईप्रोफाइल नेताओं की किस्मत भी दांव पर हैं।

पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों के लिये मतदान होगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों (सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा) और बिहार की चार सीटों (औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई), असम की पांच और महाराष्ट्र की सात, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की दो सीटों के लिए मतदान होगा।

पहले चरण के मतदान में जिन हाईप्रोफाइल नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जायेगी उनमें केन्द्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजीजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असदउद्दीन ओवैसी शामिल हैं। इस चरण में रालोद के अजीत सिंह का मुकाबला उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा के संजीव बालयान से है जबकि उनके बेटे जयंत चौधरी बागपत सीट पर केन्द्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को चुनौती दे रहे हैं।

नागपुर में भाजपा के नितिन गडकरी का मुकाबला कांग्रेस के नाना पटोले से है। गडकरी दूसरी बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं तो पटोले ने पिछली बार भाजपा के टिकट पर गोंदिया सीट से एनसीपी के दिग्गज नेता प्रफुल्ल पटेल को शिकस्त दी थी लेकिन अबकी बार भाजपा छोड़कर वो गडकरी के खिलाफ कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर ताल ठोंक रहे हैं।

Advertisement

लोजपा प्रमुख और केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के सांसद पुत्र चिराग पासवान बिहार में जमुई सीट से उम्मीदवार हैं। इनके अलावा पहले चरण में जिन दिग्गजों की किस्मत दांव पर है उनमें बिहार के गया सीट से महागठबंधन उम्मीदवार जीतन राम मांझी, उत्तराखंड के नैनीताल से कांग्रेस उम्मीदवार हरीश रावत और हरिद्वार से बीजेपी के वरिष्ठ नेता रमेश पोखरियाल निशंक के नाम शामिल हैं।

पहले चरण में छत्तीसगढ़ की नक्सली हिंसा प्रभावित बस्तर सीट पर भी मतदान होगा। चुनाव का विरोध कर रहे नक्सलियों ने बस्तर के दंतेवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को बारूदी सुरंग में विस्फोट कर हमला किया था। इसमें दंतेवाड़ा के भाजपा विधायक सहित अर्धसैनिक बल के पांच जवान शहीद हो गये थे।

पहले चरण में आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिसा में विधानसभा चुनाव भी होगा। इस दौरान आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों, सिक्किम की 32 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। आंध्र प्रदेश से अलग होकर 2014 में तेलंगाना राज्य की स्थापना होने के बाद आंध्र प्रदेश में पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहा है। राज्य की सभी 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में बृहस्पतिवार को ही मतदान संपन्न हो जायेगा।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.