Published On : Thu, Oct 29th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: तारों में दौड़ाया मौत का करंट , संरक्षित वन्यजीव चीतल का शिकार.. ताजा ख़ाल और मांस जप्त

वन विभाग का आधी रात को बड़ा एक्शन , बाकलसर्रा में शिकारी गैंग बेनकाब
Advertisement

गोंदिया: तारों में दौड़ाया मौत का करंट , संरक्षित वन्यजीव चीतल का शिकार.. ताजा ख़ाल और मांस जप्त

गोंदिया। गोंदिया वन विभाग के सालेकसा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत आने वाले बाकलसर्रा इलाके में बिजली का करंट दौड़ाकर बेजुबान चीतल का शिकार करने का मामला सामने आया है। वन विभाग की स्पेशल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आधी रात को ताबड़तोड़ छापेमारी कर इस शिकारी गैंग का पर्दाफाश किया है। मौके से चीतल की ताजा चित्तीदार खाल, कटा हुआ मांस और शिकार में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं। इस सनसनीखेज मामले में कुल 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

जमीन पर पड़ी थी , चीतल की ताजा कटी हुई खाल

28 अक्टूबर को वन विभाग को पुख्ता इनपुट मिला था कि बाकलसर्रा के जंगलों में हाई-वोल्टेज बिजली का तार बिछाकर संरक्षित वन्यजीव चीतल का शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने बिना वक्त गंवाए एक विशेष दस्ता तैयार कर इलाके में दबिश दी। मौके का नजारा देख टीम के होश उड़ गए-जमीन पर चीतल की ताजा कटी हुई खाल, मांस और तार का जाल फैला पड़ा था। पंचों की मौजूदगी में घटनास्थल का पंचनामा कर सारा सामान तुरंत सील कर दिया गया।

फॉरेंसिक लैब भेजे गए सैंपल, 5 पर गैर ज़मानती केस दर्ज

Advertisement

बरामद खाल और मांस के टुकड़ों को पुष्टि के लिए पशुधन विकास अधिकारी (LDO) और राज्य फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेज दिया गया है। वन विभाग ने सालेकसा तहसील के ग्राम बाकलसर्रा निवासी सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की गैर-जमानती धाराओं (धारा 9, 39, 48, 50 और 51) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपीयों में नरेंद्र श्रीराम चौड़ाये (26 ) दिनेश भरतलाल मेश्राम (26 वर्ष)
राजू भागचंद उईके (30) ,
भरतलाल किसनलाल मेश्राम (60 वर्ष) ,कृष्णा बिसराम चौड़ाये (55 वर्ष) का समावेश है।

इन अधिकारियों की टीम ने रचा चक्रव्यूह ,धर दबौचा

यह पूरी निर्णायक कार्रवाई उपवनसंरक्षक (DCF) पवन कुमार जोंग और सहायक वनसंरक्षक (ACF) सचिन डोंगरवार के मार्गदर्शन में सालेकसा वनपरिक्षेत्र अधिकारी (RFO) अतुल वालके के नेतृत्व में अंजाम दी गई। दबिश देने वाली टीम में क्षेत्र सहायक जे. जी. खान, चौव्हान, प्रदीप भंडारकर, किशोर फुंडे, विनोद भेंडारकर, पाऊलझगडे, सुलाखे, सुनील बारसे सहित वनरक्षक और वनकर्मी मुस्तैद रहे। वन विभाग के इस सख्त एक्शन से पूरे इलाके के शिकारियों में हड़कंप मच गया है।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.