Published On : Thu, Jan 6th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

बर्डी में दस्ते का कहर विरोध के बावजूद जमकर कार्रवाई, 15 ठेले किए जब्त

Advertisement

नागपुर. बुधवार की दोपहर बर्डी स्थित आनंद टॉकीज चौक से लेकर मूंजे चौक और झांसी रानी चौक तक के अतिक्रमणकारियों में उस समय खलबली मच गई, जब प्रवर्तन विभाग के दस्ते के आने की खबर आग की तरह फैल गई. उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह से मनपा प्रवर्तन विभाग द्वारा लगातार बर्डी में कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है. न केवल अतिक्रमणों का सफाया हो रहा है, बल्कि प्रत्येक कार्रवाई में भारी मात्रा में सामान की जब्ती भी होती है. इसके बावजूद अतिक्रमणकारी बाज नहीं आ रहे हैं.

इसका जीता जागता उदाहरण बुधवार को हुई कार्रवाई के दौरान देखा गया. आनंद टॉकीज चौक पर दस्ते के पहुंचने के बाद मूंजे चौक की ओर बढ़ गया. अतिक्रमणकारियों ने न केवल फुटपाथ बल्कि सड़कों के किनारे ठेले लगाकर भारी अतिक्रमण कर रखा था. जिससे हर दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी. दस्ते ने पहुंचते ही जब्ती कार्रवाई शुरू कर दी. जिसमें दस्ते ने 15 ठेले जब्त कर लिए. कार्रवाई में प्रवर्तन विभाग प्रमुख अशोक पाटिल, प्रवर्तन निरीक्षक संजय कांबले आदि ने हिस्सा लिया.

महल गांधीबाग में हड़कम्प
प्रवर्तन विभाग के अन्य दस्ते की ओर से महल और गांधीबाग परिसर में दस्तक दी गई. दोपहर को अभी अतिक्रमणकारी फुटपाथों पर दूकान सजाने ही लगे थे कि अचानक अतिक्रमण उन्मूलन विभाग का दस्ता गांधीबाग स्थित निकोलस मंदिर के पास पहुंच गया. मंदिर परिसर के आसपास ही फुटपाथों पर अवैध पद्धति से पानठेले लगे हुए थे. दस्ते ने इन तीनों ठेलों को हटा दिया. जिसके बाद दस्ता कोतवाली पुलिस स्टेशन से बडकस चौक होते हुए चिटणीस पार्क तक कार्रवाई को अंजाम दिया.

वापस लौटकर दस्ते ने पुन: बडकस चौक से महल तक कार्रवाई को अंजाम दिया. दस्ते के पहुंचते ही कई अतिक्रमणकारी ठेले लेकर गलियों में गायब हो गए. जबकि कई अतिक्रमणकारियों का सामान फैला हुआ था.जिसका दस्ते ने सफाया कर दिया. कार्रवाई के दौरान दस्ते ने जहां 42 अतिक्रमण हटाए, वहीं 1 ट्रक सामान भी जब्त कर लिया.

Advertisement

VCA मैदान परिसर से सामान की जब्ती
मनपा मुख्यालय के कुछ ही दूर वीसीए मैदान के पास एक हिस्से में कपड़ा व्यापारियों द्वारा फुटपाथों पर अवैध रूप से कब्जा कर अतिक्रमण किया गया था.भनक लगते ही दस्ता दलबल लेकर यहां पहुंच गया. एक दिन पहले भी दस्ते ने कार्रवाई कर सामान जब्त किया था. इसके बावजूद पुन: दूकान लगने से दस्ते ने पहुंचते ही सामान जब्त करना शुरू कर दिया. कार्रवाई के दौरान यहां से एक ट्रक सामान जब्त किया गया. हनुमाननगर जोन में भी दस्ते ने जोनल कार्यालय से लेकर तुकड़ोजी पुतला चौक से मेडिकल चौक तक कार्रवाई की गई. जिसमें कई अतिक्रमण हटाए गए.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.