नागपुर: नागपुर महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ज़बरदस्त ताक़त दिखाते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है। 151 सदस्यीय मनपा में भाजपा ने 102 सीटों पर विजय हासिल कर लगातार चौथी बार सत्ता पर कब्ज़ा जमाया है। इस ऐतिहासिक जनादेश के बाद शहर भर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।
इस बड़ी जीत के मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जीत का जश्न मनाया। बड़कास चौक पर आयोजित समारोह में दोनों वरिष्ठ नेता शामिल हुए, जहां विजयी उम्मीदवारों का सम्मान किया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं को इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी गई।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सशक्त नेतृत्व और भाजपा के विकासवादी विज़न पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त नागपुर के संकल्प पर जनता ने भरोसा जताया है। इस जीत में पार्षदों, विधायकों, समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विदर्भ में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने वाले संरक्षक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का भी अहम योगदान रहा है।
गडकरी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह जीत जहां खुशी का विषय है, वहीं जिम्मेदारियों को और बढ़ाने वाली भी है। नवनिर्वाचित पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा और भरोसे को विकास में बदलना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को इस जनादेश की बड़ी वजह बताया और सभी विजयी पार्षदों को शुभकामनाएं दीं।
नागपुर में यह जीत सिर्फ आंकड़ों की नहीं, बल्कि भाजपा के संगठन, नेतृत्व और विकास के एजेंडे पर जनता के भरोसे की बड़ी राजनीतिक घोषणा मानी जा रही है।














