Published On : Thu, Mar 12th, 2020

रजनीकांत का ऐलान- डुअल प्लान पर चलेगी पार्टी, खुद नहीं बनेंगे सीएम कैंडिडेट

Advertisement

rajnikanth

नागपुर– सुपरस्टार रजनीकांत ने अपनी भविष्य की राजनीति को लेकर पत्ते खोल दिए हैं. रजनीकांत ने कहा है कि वह एक ऐसी पार्टी बनाने जा रहे हैं, जिसमें सरकार और पार्टी अलग-अलग काम करेंगे. रजनीकांत के प्लान के मुताबिक, वह खुद पार्टी के नेता होंगे और खुद मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे. रजनीकांत ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी का नियम यही है कि जो भी नेता पार्टी का अगुवा होगा, वह कभी भी सरकार का हिस्सा नहीं बनेगा.

रजनीकांत ने कहा कि वह पिछले कुछ समय से तमिलनाडु की राजनीति को देख रहे हैं. उन्होंने डीएमके और एआईएडीएमके का जिक्र करके कहा कि लोग बदलाव चाहते हैं. रजनीकांत ने कहा कि वह अपनी पार्टी में युवाओं और पढ़े-लिखे को मौका देकर तमिलनाडु में नई लीडरशिप तैयार करना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने यह फैसला किया है कि वह खुद सीएम कैंडिडेट नहीं बनेंगे.

‘पार्टी और सरकार अलग-अलग रहेंगे’
रजनीकांत के डुअल प्लान के मुताबिक, पार्टी में दो सेक्शन होंगे. एक सेक्शन पार्टी को देखेगा और दूसरा सरकार के कामकाज देखेगा. रजनीकांत के मुताबिक, हमने यह तय किया है कि पार्टी सरकार पर हावी नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि वह पढ़े-लिखे और अच्छे ट्रैक रेकॉर्ड वाले लोगों को अपनी पार्टी में चुनाव लड़ने का मौका देंगे.

थलैवा के नाम से मशहूर रजनीकांत ने कहा, ‘हमने अपनी मीटिंग में तय किया है कि जो पार्टी का नेता होगा, वह सरकार में शामिल नहीं होगा. जो मुख्यमंत्री बनेगा, वह पार्टी का मुखिया नहीं होगा. मैं पार्टी का नेता रहूंगा और कोई दूसरा शख्स सीएम कैंडिडेट होगा. वह शख्स राज्य से होगा, पढ़ा लिखा होगा और उसमें राज्य को लेकर एक विजन होगा. ‘

Advertisement

‘पार्टी खुद ही सरकार से पूछेगी सवाल, गलत होने पर कार्रवाई भी होगी’

रजनीकांत ने आगे कहा, ‘पार्टी खुद ही हमारी ही सरकार से सवाल पूछेगी. कुछ भी गलत होगा तो हमारी पार्टी खुद ही उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी. हम समानांतर सरकार नहीं चलाएंगे. हमारे पास सीमित संख्या में लोग हैं. हम उनका सही से उपयोग करेंगे. तमिलनाडु के लोगों के लिए हमने जो प्लान तैयार किया है, उसे लेकर हम लोगों के बीच जाएंगे. हम इस बारे में नेताओं, पत्रकारों और अधिकारियों से भी बात कर चुके हैं लेकिन कोई भी इस प्लान पर राजी नहीं हुआ है. लेकिन हम अपने इसी प्लान पर आगे बढ़ेंगे.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.