Published On : Wed, Jan 5th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

महाराष्ट्र में वीकेंड लॉकडाउन के संकेत! मंत्रिमंडल की बैठक में हो सकता है फैसला

Advertisement

मुंबई: राज्य सरकार के भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक सरकार के भीतर वीकेंड लॉकडाउन लगाने को लेकर गंभीर विचार मंथन चल रहा है। खबर है कि संपूर्ण लॉकडाउन के मुद्दे पर नेताओं और अधिकारियों के बीच एक राय नहीं बन पा रही है। नेता लॉकडाउन लगाने के खिलाफ हैं जबकि अधिकारियों का कहना है कि या तो कड़क प्रतिबंध लगाए जाएं या मिनी लॉकडाउन लगाया जाए। इन हालात में अब फैसला मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को लेना है।

प्रशासनिक अधिकारियों का दबाव है कि यदि एक-दो दिन में ही फैसला नहीं लिया, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। जबकि नेताओं का कहना है कि हर जिले की स्थिति अलग अलग तरह से प्रभावित हो रही है इसलिए हर जिले के लिए प्रतिबंध अलग-अलग तरह के होने चाहिए। हालांकि सूत्रों का कहना है कि वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को लॉकडाउन लगाए जाने को लेकर सहमति बनती नजर आ रही है और बाकी दिनों के लिए प्रतिबंधों को सख्त किए जाने की बात की जा रही है।

आज मंत्रिमंडल की बैठक में होगी कोरोना की समीक्षा
राज्य में तेजी से पैर पसारते ओमिक्रोन वेरिएंट के संक्रमण के बीच बुधवार को सुबह 9:00 बजे होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे करेंगे। बता दें कि तेजी से फैलते संक्रमण के चलते मुंबई ठाणे समेत कई महानगरपालिका क्षेत्रों में स्कूल 31 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। जिस रफ्तार से संक्रमण बढ़ रहा है राज्य में फिर से लॉकडाउन की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे का कहना है कि राज्य के सिर्फ 4 जिलों में संक्रमण की रफ्तार तेज है। इसलिए पूरे राज्य में लॉकडाउन लगाने की कोई स्थिति फिलहाल नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में सारी स्थिति पर विचार किया जाएगा।

महाराष्ट्र में बढ़ती जा रही कोरोना की रफ़्तार
महाराष्ट्र में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। तमाम प्रयासों के बाद भी इसकी रफ़्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य में मंगलवार को को कोरोना वायरस संक्रमण के 18,466 नये मामले सामने आये जबकि 20 लोगों की मौत हो गयी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में अभी भी 39 हजार से ज्‍यादा मरीज होम क्‍वांरटीन हैं जबक‍ि 11 से ज्‍यादा मरीज अस्‍पताल में भर्ती हैं। विभाग ने एक बुलेटिन में बताया कि नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 67,30,494 हो गयी है जबकि मरने वालों की संख्या 1,41,573 हो गयी है।

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.