Published On : Tue, Jul 26th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

28 से डॉ. वसंतराव देशपांडे स्मृति संगीत समारोह का आयोजन

Advertisement

नागपुर – डॉ. वसंतराव देशपांडे जी की स्मृति में दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर द्वारा प्रतिवर्ष “डॉ. वसंतराव देशपांडे स्मृति संगीत समारोह” का आयोजन किया जाता है. इस समारोह का यह 31 वां वर्ष है. वर्षो की इस परंपरा के अनुसार दिनांक 28 से 30 जुलाई के दौरान प्रतिदिन शाम 6.30 बजे प्रतिवर्ष की भाँति डॉ. वसंतराव देशपांडे स्मृति सभागृह, सिविल लाइन्स, नागपुर में यह समारोह सम्पन्न होगा। इस समारोह में शास्त्रीय गायन, वादन, नृत्य एवं संगीत नाटक की सुमधुर और सदाबहार प्रस्तुतियाँ होगी। दिनांक 28 जुलाई 2022 को समारोह का उद्घाटन वरिष्ठ समाज सेवक एवं वनराई के अध्यक्ष गिरीश गाँधी के शुभहस्ते किया जाएगा। इस अवसर पर विदर्भ साहित्य संघ, नागपुर के अध्यक्ष मनोहर म्हैसाळकर को केंद्र द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

दिनांक 28 जुलाई गुरुवार को समारोह की प्रथम प्रस्तुति सुविख्यात पद्मश्री पंडित डॉ. एस. बल्लेश भजंत्री एवं समूह, चेन्नई द्वारा “शहनाई वादन” की दी जाएगी। पद्मश्री पंडित डॉ. एस. बल्लेश भजंत्री, भारतरत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खाँ के बाद शहनाई वादन मे पद्मश्री प्राप्त करने वाले दूसरे कलाकार है साथ ही दक्षिण भारत मे हिंदुस्तानी संगीत मे पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रथम कलाकार है.

कार्यक्रम की द्वितीय प्रस्तुति डॉ. अश्विनी भिड़े- देशपांडे, मुंबई द्वारा “शास्त्रीय गायन” की होगी। इन्होने ने 16 वर्ष की आयु में “गांधर्व महाविद्यालय” से “संगीत विशारद” पूर्ण किया और 1977 में अखिल भारतीय रेडियो संगीत प्रतियोगिता जीतकर ‘राष्ट्रपति स्वर्ण पदक’ प्राप्त किया।

Advertisement

दिनांक 29 जुलाई शुक्रवार को प्रमुख अतिथि के रूप मे लोक निर्माण विभाग, नागपुर के मुख्य अभियंता श्री एस. डी. दशपुते की उपस्थिती रहेगी| इस अवसर पर वरिष्ठ गायक व संगीतकार श्री सदानंद पेंडसे को केंद्र द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

प्रथम प्रस्तुति नादरूप द्वारा “राम लला” कथक बैले की होगी। जिसे श्रीमती शमा भाटे एवं समूह, पुणे प्रस्तुत करेंगे| श्रीमती शमा भाटे अपने 50 वर्षो के कार्यकाल मे कलाकार, शिक्षक, निर्देशक, कोरियोग्राफर इत्यादि की भूमिका उत्तम तरीके से निभा चुकी है. वे एक उत्कृष्ट कलाकारा है| इन्हे महाराष्ट्र राज्य पुरस्कार, महाराष्ट्र सरकार का पद्मविभूषण पंडित बिरजु महाराज पुरस्कार एवं अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त है.

कार्यक्रम की दूसरी प्रस्तुति विदर्भ (यवतमाल) के प्रस्थापित युवा कलाकार श्री प्रसाद खापर्डे द्वारा “शास्त्रीय गायन” की दी जाएगी। इन्होने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचो पर अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरा है| श्री प्रसाद खापर्डे आकाशवाणी के “अ” श्रेणी मान्यता प्राप्त कलाकार है.

कार्यक्रम की तीसरी प्रस्तुति पद्मश्री पंडित डॉ. येल्ला वेंकटेश्वर राव, हैदराबाद एवं समूह द्वारा “तालवाद्य कचेरी” की दी जाएगी। इन्होने 36 घंटो तक सत्तत मृदंगम की प्रस्तुति देकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया और अपना नाम गिनीज़ बुक ऑफ रिकॉर्ड मे दर्ज कराया है.

दिनांक 30 जुलाई शनिवार को मुख्य अतिथि के रूप मे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी की उपस्थिती रहेगी| विशेष अतिथि के रूप मे नागपुर सुधार प्रन्यास के अध्यक्ष श्री मनोज सूर्यवंशी की उपस्थिती रहेगी| इस अवसर पर वरिष्ठ चित्रकार डॉ. विजय काकड़े को केंद्र द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

समारोह के समापन दिवस पर मुंबई मराठी साहित्य संघ द्वारा प्रस्तुत, श्री द.ग. गोडसे लिखित संगीत नाटक “धाड़ीला राम तिने का वनी” की प्रस्तुति दी जाएगी। जिसमे विदर्भ के गीतकार श्री राजा बढे व संगीत पं. जितेंद्र अभिषेकी का है तथा दिग्दर्शन अरविंद पिळगावकर ने किया है. सुप्रसिध्द अभिनेता प्रमोद पवार इनके नेतृत्व मे इस नाटक की प्रस्तुति होगी। यह संगीत नाटक ‘रामायण’ पर आधारित है. इसके अबतक 300 से अधिक प्रस्तुतीकरण हुए है. इस नाटक को अव्यवसायिक राज्यनाट्यस्पर्धा, व्यावसायिक राज्यनाट्यस्पर्धा मे प्रस्तुत किया गया है. जिससे अनेक पुरस्कार भी प्राप्त हुए है.

“31 वें डॉ. वसंतराव देशपांडे स्मृति संगीत समारोह” की अनुदान प्रवेश पत्रिका दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर के कार्यालय में दिनांक 21 जुलाई से सुबह 11 से शाम 5 बजे के दौरान उपलब्ध रहेगी। यह प्रवेश पत्रिका समारोह के सभी दिनों के लिए वैध है एवं इसका अनुदान शुल्क सम्पूर्ण समारोह हेतु प्रतिव्यक्ति मात्र रु. 300/- रखा गया है। यह प्रवेश पत्रिका कार्यक्रम के दिनों में भी कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध रहेगी। अत: 31 वे डॉ. वसंतराव देशपांडे स्मृति संगीत समारोह का रसिक श्रोताओं एवं नागपुरवासी अवश्य लाभ उठाए, ऐसा आवाहन द.म.क्षे.सा केंद्र, नागपुर द्वारा किया गया है।

25 जुलाई को आयोजित पत्रकार परिषद मे उपरोक्त जानकारी केंद्र के निदेशक डॉ दीपक खिरवडकर द्वारा दी गई. इस अवसर पर केंद्र के सहायक निदेशक (कार्यक्रम) श्री दीपक कुलकर्णी, सहायक निदेशक (कार्यक्रम) गोपाल बेतावार, लेखा एवं प्रशासकीय अधिकारी गणेश थोरात, कार्यक्रम कार्यकारी श्री शशांक दंडे एवं आस्थापना अधिकारी श्रीकांत देसाई की उपस्थिती थी.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.