Published On : Sat, Jan 13th, 2018

मानवता शर्मसार: ऐक्सिडेंट के बाद शव को कुचलती रहीं गाड़ियां

Advertisement

Murder
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। NH-24 पर हिट ऐंड रन की घटना के बाद शव घंटों सड़क पर पड़ा रहा। कई गाड़ियां शव को कुचलकर गुजरती रहीं पर किसी ने भी रुककर शव को सड़क से हटवाने की कोशिश नहीं की। करीब 200 मीटर तक शव के टुकड़े फैल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुरी तरह कुचल चुके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

मृतक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है, लेकिन पहचान नहीं हो पाई है। हादसा ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के पांडव नगर इलाके में हुआ। पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग और लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार 10 जनवरी की सुबह 4 बजे के करीब पुलिस को कॉल मिली थी कि NH-24 पर गाजीपुर की तरफ जाने वाली सड़क पर जहां अक्षरधाम पुल का बोर्ड लगा हुआ वहां एक शव पड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे वाली जगह से करीब 200 मीटर दूर तक शव के टुकड़े फैले हुए थे। धड़ से ऊपर वाला हिस्सा ही गायब था। पुलिस ने बॉडी को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। बॉडी को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी गाड़ी की टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर गया होगा, जिसके बाद कई गाड़ियां शव के ऊपर से गुजर गईं।

पुलिस अफसरों ने बताया कि मृतक के पास से तंबाकू की एक पुड़िया मिली है। हाथ में रेड कलर का कलावा बंधा हुआ है। ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। शव के पास 3-4 रुपये के सिक्के बिखरे मिले। पुलिस ने यह सब सामान कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान के लिए पता लगाया जा रहा है कि साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के अलावा ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के थानों में किसी के लापता होने की सूचना तो दर्ज नहीं हुई है।

टक्कर मारने वाली गाड़ी की पहचान करने के लिए सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यह भी जांच हो रही है कि मरने वाला शख्स इतनी सुबह यहां कैसे पहुंचा, क्योंकि मौके पर पुलिस को कोई गाड़ी नहीं मिली। अभी तक पुलिस यही मानकर चल रही है कि मरने वाला कोई राहगीर है।

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.