
नागपुर टुडे /सावनेर- बिजली मीटर दोबारा लगाने के लिए 8,500 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) के कंत्राटी लाइनमैन को लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) नागपुर की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मुकेश चिंतामण मस्के (36) के रूप में हुई है। वह सावनेर स्थित महावितरण के उपकार्यकारी अभियंता कार्यालय में आउटसोर्सिंग लाइनमैन के रूप में कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सावनेर में किराये की दुकान लेकर फोटो स्टूडियो चलाता है। दुकान का बिजली बिल करीब 5,170 रुपये बकाया होने के कारण आरोपी ने बिजली मीटर निकाल लिया था। इसके बाद मीटर दोबारा लगाने के लिए आरोपी द्वारा बिल की रकम के अलावा अतिरिक्त पैसों की मांग की जा रही थी।
आरोपी की इस मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने 2 सितंबर 2026 को नागपुर एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर एसीबी ने 3 सितंबर को पंचों की मौजूदगी में शिकायत की सत्यता की जांच की। इस दौरान आरोपी द्वारा मीटर दोबारा लगाने के लिए रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। बातचीत के बाद आरोपी ने 8,500 रुपये स्वीकार करने की तैयारी दर्शाई।
इसके बाद एसीबी ने आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। निर्धारित योजना के अनुसार 7 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता को पंचों और आवाज रिकॉर्डिंग उपकरण के साथ रिश्वत की रकम लेकर दुकान पर भेजा गया। इसी दौरान आरोपी मुकेश मस्के शिकायतकर्ता की दुकान पर पहुंचा और 8,500 रुपये की रिश्वत स्वीकार कर ली।
रिश्वत की रकम स्वीकार करते ही पहले से तैयार एसीबी की टीम ने आरोपी को रंगेहाथ दबोच लिया और उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ सावनेर पुलिस थाने, नागपुर ग्रामीण में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
एसीबी टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक संतोष जाधव के नेतृत्व में की गई। टीम में पुलिस निरीक्षक सुषमा बिसंदरे, हेड कांस्टेबल अनिल बहिरे, महिला हेड कांस्टेबल अस्मिता तथा पुलिस कांस्टेबल विकेश राऊत शामिल थे। कार्रवाई का पर्यवेक्षण पुलिस उपअधीक्षक भारती गुरुनुले ने किया।
एसीबी अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी लोकसेवक सरकारी काम करने के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी जानकारी तत्काल लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग को दें। अधिकारियों ने नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आकर शिकायत करने का आह्वान किया है।




