
कांग्रेस के राज्यों के प्रमुख, वरिष्ठ नेता व प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रतिनिधि भी राहुल गांधी के समर्थन के लिए कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय में मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी करीब 10.30 बजे कांग्रेस के मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए केवल राहुल गांधी ही एक मात्र उम्मीदवार हैं, उनके अलावा किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया है। राहुल गांधी को किसी ने भी चुनौती नहीं दी है। संगठनात्मक चुनाव के लिए मुलापल्ली रामचंद्रन को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। रामचंद्रन ने आईएएनएस से कहा कि कई राज्यों द्वारा 90 नामांकन फार्म लिया गया है, हालांकि इसमें से किसी को अभी जमा नहीं किया गया है।

– सूत्रों ने बताया कि राहुल नामांकन पत्र के चार सेट दाखिल करेंगे और उनमें से एक में सोनिया गांधी पहली प्रस्तावक होंगी। दूसरे नामांकन सेट में मनमोहन सिंह प्रमुख प्रस्तावक होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल के पक्ष में 75 से ज्यादा नामांकन दाखिल किए जाने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के अलावा गुलाम नबी आजाद, एके एंटनी, पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, अहमद पटेल तथा पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रस्तावकों के रूप में पत्रों पर हस्ताक्षर करेंगे।



