
नागपुर: वाठोडा थाना क्षेत्र में ATM कार्ड बदलकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 44 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। आरोपी ने ATM में मदद करने के बहाने हाथ की सफाई से पीड़ित का कार्ड बदल दिया और बाद में पांच बार में खाते से रकम निकाल ली। शिकायत के बाद वाठोडा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाठोडा के दिघोरी-उमरेड रोड स्थित SBI ATM में हुई। 52 वर्षीय युवराज नत्थुजी अंडेल पैसे निकालने के लिए ATM पहुंचे थे। इसी दौरान करीब 40 से 45 वर्ष का एक अज्ञात व्यक्ति ATM के अंदर मौजूद था।
पैसे निकालने के बाद आरोपी ने युवराज से पूछा कि ATM से स्लिप निकल रही है या नहीं। इसी बातचीत के दौरान आरोपी ने मौका पाकर हाथ की सफाई से उनका ATM कार्ड बदल दिया और वहां से फरार हो गया।
कुछ ही देर बाद आरोपी ने बदले हुए ATM कार्ड का इस्तेमाल कर युवराज के बैंक खाते से पांच अलग-अलग बार में कुल 44 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने वाठोडा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस ATM के CCTV फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।



