Published On : Wed, Feb 15th, 2017

चार्टेर्ड अकाउंटेंट के घर दिनदहाड़े चोरी

Advertisement


नागपुर:
 चार्टेर्ड अकाउंटेंट दंपत्ति के फ्लैट का ताला तोड़कर चोर आज दिनदहाड़े डेढ़ लाख रुपए नगद और 15 तोला सोना ले उड़े। चोरी की जानकारी मिलते ही गणेशपेठ पुलिस मौके पर पहुँच गयी और तफ़्तीश में जुट गयी।

जानकारी के अनुसार चार्टेर्ड अकाउंटेंट कमलेश भारती अपनी पत्नी और बेटे के साथ ग्रेट नाग रोड स्थित चांदनी-रोशनी अपार्टमेंट के दूसरी मंजिल पर रहते हैं। क्योंकि कमलेश भारती और उनकी पत्नी पेशेवर चार्टेर्ड अकाउंटेंट हैं, इसलिए गृहकार्य के लिए सहायक रखी गयी है। कमलेश भारती अपने निवास के समीप ही बैद्यनाथ चौक स्थित रजत संकुल से निजी सी ए फर्म संचालित करते हैं। उनकी पत्नी सोनम एक अन्य फर्म में बतौर सी ए कार्यरत हैं। बेटा शौर्य तीन साल का है। गृहकार्य के लिए आने वाली मुख्य सहायक आज भी आयी। क्योंकि भारती दंपत्ति अपने फ्लैट की चाभी अपने पड़ोसी के यहाँ रखते हैं, सो पड़ोसी से चाभी लेकर उसने अपने हिस्से का काम निपटाया, दरवाजा बंद किया, चैनेल गेट लगाया और पुनः चाभी पड़ोसी को देकर चली गयी। भारती दंपत्ति के यहाँ दो गृह सहायक सेवारत हैं। बताया जाता है कि दूसरी गृह सहायक हाल-फ़िलहाल ही उनके यहाँ काम पर रखी गयी है। पहली सहायक के जाने के कुछ देर बाद दूसरी सहायक आती है और वह भी पड़ोसी से चाभी लेकर काम निपटाती है। किंतु आज दूसरी सहायक काम पर नहीं आयी।

बहरहाल, भारती दंपत्ति के पड़ोसियों को उनके फ्लैट और चैनल गेट का ताला टूटा दिखाई दिया तो तुरंत पुलिस और कमलेश भारती को सूचना दी गयी।


मौके पर पहुंची पुलिस को भारती दंपत्ति ने जानकारी दी कि उनकी आलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपए और 15 तोला सोना गायब है। पुलिस ने अनुमान लगाया है कि नगदी सहित कुल छह लाख रुपए की चोरी हुयी है।

पुलिस तफ़्तीश में जुट गयी है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और खोजी श्वानपथक भी बुलाए गए हैं। अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ गृह सहायक से भी पूछताछ की जा रही है। भारती दंपत्ति के पड़ोसियों को उनके यहाँ कार्यरत दूसरी सहायक पर संदेह है, क्योंकि वह गत तीन दिन से काम पर नहीं आ रही है। पुलिस जाँच जारी है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वजह से परिसर के नागरिकों में भय व्याप्त है।

Advertisement


Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.