Published On : Thu, Jan 1st, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

भाजपा उम्मीदवारों की अहम बैठक सम्पन्न; रणनीति, संवाद और जीत के रोडमैप पर हुआ मंथन

Advertisement


नागपुर: नागपुर महानगरपालिका चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी के सभी 151 उम्मीदवारों और चुनाव संचालन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शहर भाजपा अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उम्मीदवारों को चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और प्रभावी प्रचार की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन किया गया।

राज्य के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए चुनाव प्रक्रिया में क्या करें और क्या न करें पर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत मतदान को भाजपा के पक्ष में सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए रिकॉर्ड जीत के साथ नया इतिहास रचने का भरोसा जताया।

चुनाव प्रमुख प्रा. संजय भेंडे ने जमीनी स्तर पर प्रचार तंत्र को प्रभावी ढंग से चलाने के तरीकों पर प्रकाश डाला। सुधीर देऊळगावकर ने प्रशासनिक अनुमतियों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी, जबकि *राजेश बागडी* ने चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार खर्च नियोजन पर मार्गदर्शन किया।

अपने अध्यक्षीय भाषण में दयाशंकर तिवारी ने कहा कि पार्टी की असली ताकत बूथ मैनेजमेंट है—बूथ मजबूत होगा तो जीत सुनिश्चित है। उन्होंने मतदाता सूची के अनुसार संपर्क अभियान, घर-घर पहुंच और लक्ष्य-आधारित प्रचार की रणनीति समझाई। 120 का आंकड़ा पार करने के लिए “टी-20 जैसी आक्रामकता” की जरूरत बताते हुए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज़ में कहा कि समाज में उम्मीदवार की भूमिका नवरदेव जैसी नहीं, बल्कि बेटी के पिता जैसी जिम्मेदार होनी चाहिए। पार्टी की शक्ति का हवाला देते हुए उन्होंने महानगरपालिका में जीत का विश्वास व्यक्त किया।

बैठक के दौरान कांग्रेस के पूर्व उपमहापौर हिम्मतराव सरायकर के पुत्र संजय सरायकर और पूर्व नगरसेवक हरीभाऊ यादव ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा में प्रवेश किया। चंद्रशेखर बावनकुळे और दयाशंकर तिवारी ने भाजपा का दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।

Advertisement

इस अवसर पर मंच पर संगठन मंत्री उपेंद्र कोठेकर, चुनाव प्रभारी विधायक प्रवीण दटके, विधायक कृष्णा खोपडे, मोहन मते, संदीप जोशी, पूर्व विधायक अनिल सोले, गिरीश व्यास, शहर महामंत्री श्रीकांत आगलावे, संदीप जाधव, रितेश गावंडे, संपर्क महामंत्री विष्णु चांगदे और सह-संपर्क मंत्री बाल्या बोरकर प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विष्णु चांगदे ने किया।

बैठक के बाद उम्मीदवारों में प्रचार को लेकर उत्साह और ऊर्जा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.