Published On : Thu, Feb 7th, 2019

हर उम्र हर वर्ग के स्थानीय डांसरों को के लिए राष्ट्रीय नृत्य स्पर्धा

Advertisement

मनपा का प्रथम प्रयास, ७ से १० फरवरी तक आयोजन के लिए ७०० पंजीयन

नागपुर: स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर का बड़ा मंच दिलाने के उद्देश्य से नागपुर महानगरपालिका व कालश्रृंगार नृत्य निकेतन के संयुक्त तत्वाधान में आगामी ७ से १० फरवरी तक रेशिमबाग के कविवर्य सुरेश भट्ट सभागृह में महापौर कप अखिल भारतीय नृत्य स्पर्धा का आयोजन किया गया है. इस स्पर्धा के लिए अब तक देशभर से विभिन्न कैटेगरी के तहत ७०० कलाकारों ने पंजीयन किया है. उक्त ४ दिवसीय आयोजन के तहत सुबह ८ बजे से स्पर्धा शुरू हो जाएगी. इस स्पर्धा में विकलांग कलाकारों के नृत्यों का विशेष प्रदर्शन और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा.

खेल व सांस्कृतिक समिति सभापति नागेश सहारे ने बताया कि जिले के बाहर से उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आने वाले प्रतियोगियों को रेलवे से आवाजाही के लिए विशेष रियायतें उपलब्ध करवाई गई हैं. कलाकारों को ठहराने के लिए संघ परिसर के हेडगेवार भवन के कमरे आरक्षित किए गए हैं. इसी बहाने सुरेश भट्ट सभागृह की उत्कृष्ट व्यवस्था का प्रचार-प्रसार भी हो जाएगा.

उक्त स्पर्धा विभिन्न समूह के तहत आयोजित की गई है. विकलांग और ५० वर्ष से अधिक उम्र के कलाकारों को विशेष अवसर मुहैया करवाया जाएगा. स्पर्धा में भरतनाट्यम्, कत्थक, लोकनृत्य, उपशास्त्रीय नृत्य, समूह नृत्य आदि के तहत प्रदर्शन देखने को मिलेंगे. स्पर्धा के विजेताओं को नकद राशि व सम्मान चिन्ह से नवाजा जाएगा. स्पर्धा में मध्यप्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ, दिल्ली, पश्चीम बंगाल, महाराष्ट्र के पुणे, मुंबई, जलगांव, अकोला, चंद्रपुर, औरंगाबाद, नाशिक आदि शहर से स्पर्धक पंजीयन करवा चुके हैं.

Advertisement

उल्लेखनीय है कि आई फाउंडेशन के द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ संकल्पना पर विशेष नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा. इसके विजेताओं को ‘आई फाउंडेशन’ के अध्यक्ष व क्रीडा समिति सभापति नागेश सहारे को मिलने वाले मानधन से पुरस्कृत किया जाएगा. प्रतियोगिता के तहत नृत्य शिक्षकों और कोरियोग्राफर का विशेष सम्मान किया जाएगा.

पत्रकार परिषद में क्रीडा समिति उपसभापति प्रमोद तभाने, कलाश्रृंगार नृत्य निकेतन के अध्यक्ष सोनू नक्षणे, प्रदीप वाडीभस्मे, नंदकिशोर मोरघडे, दिनेश गुप्ता, कविता भोसले, जया कोहले, मनीषा झाडे, योगेश्वरी पटले, क्रीडा अधिकारी नरेश सवाईतूल, क्रीडा निरीक्षक नरेश चौधरी उपस्थित थे.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.