
नागपुर: नागपुर जिले के खापरखेड़ा थाना क्षेत्र में शराब की लत को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि 30 वर्षीय बेटे अंकित कापसे ने अपने 51 वर्षीय पिता धर्मेंद्र कापसे पर लोहे की टॉमी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते धर्मेंद्र कापसे की मौत हो गई। मृतक पूर्व सरपंच थे। घटना के बाद फरार हुए आरोपी बेटे को क्राइम ब्रांच की टीमों ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर हिरासत में लिया है।
शराब की लत को लेकर हुआ विवाद
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह घटना बाबुलखेड़ा क्षेत्र में ग्राम पंचायत चिचोली के अंतर्गत हुई। बताया जा रहा है कि अंकित कापसे को शराब पीने की लत थी और इसी बात को लेकर उसका माता-पिता के साथ अक्सर विवाद होता था।
गुरुवार सुबह धर्मेंद्र कापसे अपने पड़ोसी निंबकर के घर बैठे थे। इसी दौरान अंकित वहां पहुंचा और शराब की आदत को लेकर पिता के साथ उसका विवाद हो गया। आरोप है कि पहले दोनों के बीच मारपीट हुई। इसके बाद अंकित घर गया और लोहे की टॉमी लेकर वापस लौटा।
लोहे की टॉमी से हमले में पिता की मौत
आरोप है कि अंकित ने लोहे की टॉमी से अपने पिता धर्मेंद्र कापसे पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-6 और यूनिट-3 की टीमों ने भी आरोपी की तलाश शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची क्राइम ब्रांच
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित कापसे को हिरासत में लिया। घटनास्थल का डीसीपी रमेश धुमाळ ने निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे शराब की लत को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
फिलहाल खापरखेड़ा पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।



