Published On : Tue, Jun 18th, 2019

Video: टायर फटा- पुल से टैक्सी नदी में गिरी

Advertisement

टैक्सी में सवार थे 14 मुसाफिर, 6 की मौके पर मौत, 3 गंभीर

गोंदिया। आरटीओ नियमों को धत्ता बताकर क्षमता से अधिक मुसाफिरों को वाहन में लादकर, सड़क पर मौत का यमदूत बनकर दौड़ रही एक काली-पीली टैक्सी आज 18 जून के दोपहर 4 बजे भंडारा जिले के साकोली से लाखांदूर जाने वाले मार्ग पर ग्राम कुंभली के निकट चुलबंद नदी का पुल पार करते वक्त हादसे का शिकार हो गई।

उक्त सड़क दुर्घटना उस वक्त घटित हुई जब पुल पार करते समय अचानक टैक्सी का टायर फट गया जिससे गाड़ी चला रहे ड्राइवर का स्टेरिंग पर नियंत्रण छूट गया और टैक्सी पुल की ऊंचाई से 80 फीट नीचे नदी की गहराई में जा गिरी। इस भीषण हादसे के वक्त दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी क्र. एम.एच. 31/ए.पी. 8241 में ड्राइवर सहित कुल 14 लोग सवार थे जिनमें से 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 3 की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है जिन्हें आगे के उपचार हेतु भंडारा के जिला अस्पताल में रैफर किया गया है तथा 4 जख्मियों को नजदीक के साकोली के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

हादसे की जानकारी मिलते ही राहगीरों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो चुका है। इस दुर्घटना के बाद जहां 6 परिवारों के घरों में मातम पसरा है। वहीं हादसे को लेकर ग्रामवासियों में भयावह आक्रोश पनप रहा है और आरटीओ विभाग तथा यातायात पुलिस विभाग पर भी संदेह की ऊंगली उठ रही है कि, आखिरकार 10 मुसाफिरों के पासिंग की टैक्सी में 14 लोग कैसे सवार थे? बहरहाल मामले की जांच में पुलिस जुटी है।

… रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.