नागपुर टुडे – नागपुर में जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले से बेची जा चुकी कृषि भूमि के दस्तावेजों में कथित हेराफेरी कर पूरी जमीन दूसरे लोगों के नाम हस्तांतरित करने की साजिश रची गई। इस मामले में हुड़केश्वर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में रमेश प्रेमलाल जुगोले (55), नरेश प्रेमलाल जुगोले (52) और गीता नरेश जुगोले (43), निवासी दशहरा रोड, महल शामिल हैं। मामले में शिकायतकर्ता राहुल भीमराव उके (42), निवासी तुलसीनगर हैं।
शिकायत के मुताबिक, नागपुर ग्रामीण पुलिस सीमा के अंतर्गत पिपला गांव में स्थित खसरा नंबर 80/01 की कुल 1.74 हेक्टेयर कृषि भूमि में से 0.58 हेक्टेयर का अविभाजित हिस्सा राहुल उके ने प्रवीण कुकड़े और महेंद्र जुंगारे से खरीदा था। इस जमीन का सौदा 5 जून 2024 को विधिवत पंजीकृत सेल डीड क्रमांक 7336/24 के माध्यम से हुआ था। इसके लिए शिकायतकर्ता ने 1 करोड़ 50 लाख रुपये का भुगतान किया था।
आरोप है कि रमेश जुगोले को इस बात की पूरी जानकारी थी कि राहुल उके उक्त जमीन का हिस्सा खरीद चुके हैं। इसके बावजूद रमेश ने नरेश जुगोले और गीता जुगोले के साथ मिलकर कथित तौर पर साजिश रची। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पहले से बेची गई जमीन सहित पूरी 1.74 हेक्टेयर कृषि भूमि को अपने नाम हस्तांतरित कराने की कोशिश की।
इस कथित फर्जीवाड़े से जमीन खरीदने वाले राहुल उके के साथ डेढ़ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी होने का आरोप है। अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी को लेकर राहुल उके ने हुड़केश्वर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 316(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जमीन के दस्तावेजों, रजिस्टर्ड सेल डीड और कथित फर्जी हस्तांतरण से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।




