मुंबई: मराठा क्रांति मोर्चा की तरफ मुंबई में बुधवार को होने वाले मार्च से पहले शहर में जगह-जगह जाम लग गया। जाम के चलते शहर के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बता दें कि पांच लाख मराठा 11 बजे से आरक्षण और अहमदनगर जिले के कोपार्डी में हुए गैंगरेप व हत्या के आरोपियों को मौत की सजा देने के लिए शांतिपूर्ण मार्च करेंगे।
आंदोलन के चलते जेजे फ्लाईओवर पर लोगों का हुजूम जमा हो गया है।
वहीं अब इस आंदोलन से शिवसेना विधायक भी जुड़ चुके हैं। शिवसेना विधायक महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर मराठा समुदाय को आरक्षण देने के लिए आंदोलन कर रहे हैं।जिसके चलते महाराष्ट्र विधानसभा 1:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
यह मार्च दक्षिण मुंबई से निकलेगा, लेकिन फिलहाल इसका असर पूरे शहर में देखने को मिला है।
मार्च के चलते स्कूल किए गए बंद
मराठा मार्च के चलते पूरे शहर के स्कूलों को बंद कर दिया गया है। जिस रास्ते पर इस मार्च को निकाला जाएगा वो पूरा रास्ता सुबह से ही ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है।











