Published On : Mon, Dec 26th, 2016

अनियंत्रित कार पहले डिवाइडर फिर कंटेनर ट्रक से भिड़ी, चार की मौत

Advertisement

car-accident

नागपुर.

क्रिसमस की शाम एक अनियंत्रित कार पहले डिवाइडर से फिर ट्रक से टकराकर चकनाचूर हो गई। कार में सवार सभी चार लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। रविवार शाम तीन बजे के करीब वर्धा-नागपुर मार्ग पर डोंगरगांव स्थित होटल एलोरा पोप के सामने यह घटना घटी। कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी कि कार को काटकर सभी शव बाहर निकले गए।

कारऔर ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि बहुत दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। ट्रक चालक राकेश बालाजी शंभरकर (३३ वर्ष, दिघोरी, नागपुर निवासी) गंभीर रुप से जख्मी है और नागपुर के मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार जारी है। कार में २५ वर्षीय आनंद रामसिंह पारधी, २४ वर्षीय चंद्रशेखर उर्फ़ बंटी चौहान, २५ वर्षीय रवि रहांगडाले (तीनों, खापरी पुनर्वसन, वर्धा रोड, नागपुर के निवासी थे) एवं ३० वर्षीय वंशपति शंकर पटेल भोपाल, मध्यप्रदेश निवासी था।

जानकारी के अनुसार कार मारुति रिट्ज क्रमांक एमएच ४०, एफ ०९५२ गिरीश घोडेस्वार नामक व्यक्ति की है और घटना के समय कार चालक राजेश बोपचे के पास थी। बताया जाता है कि राजेश खापरी में कुछ काम निपटाने के लिए रुक गया और कार में सवार उसके अन्य साथी डोंगरगांव से पेट्रोल भराने के लिए कार लेकर आगे चले गए। पेट्रोल भराकर खापरी की ओर लौटते समय तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी तरफ जा पहुंची तथा नागपुर से वर्धा की तरफ जा रहे दिनशॉ कंपनी के कंटेनर ट्रक क्रमांक एमएच ४९ – ९१९२ से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार कौन चला रहा था यह मालूम नहीं हो पाया है। दुर्घटना की वजह से नागपुर-वर्धा मार्ग पर एक घंटे से ज्यादा जाम लगा रहा। हिंगणा पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.