Published On : Fri, Nov 13th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

300 टन कोयला खरीदा, ₹22.50 लाख दबाए; पुणे के दो कारोबारियों पर धोखाधड़ी का केस

सीमेंट ईंट फैक्टरी का झांसा देकर कोयला व्यापारी को लगाया चूना, भुगतान मांगने पर फोन उठाना भी किया बंद
Advertisement

NMC employee booked for fraud to claim Rs 50 lakh COVID compensation

नागपुर टुडे – सीमेंट की ईंट बनाने वाली फैक्टरी संचालित करने का दावा कर एक कोयला व्यापारी से लाखों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने व्यापारी का भरोसा जीतकर उससे करीब 300 मीट्रिक टन कोयला खरीदा, लेकिन माल की आपूर्ति होने के बाद 22 लाख 50 हजार 736 रुपये का भुगतान नहीं किया। इस मामले में नंदनवन पुलिस ने पुणे के चिंचवड़ स्थित इंफिटेक ग्रुप एवं एश्योर ग्रुप के प्रबंध निदेशक सौरभ रमेश पडवाल और शुभम पडवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुराना बगड़गंज, शास्त्री नगर निवासी विशाल सुगंध पाथिक कोल कॉर्पोरेशन नामक फर्म संचालित करते हैं। वे सरकारी नीलामी के माध्यम से कोयला खरीदकर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को उसकी आपूर्ति करते हैं।

फरवरी 2025 में आरोपियों ने फोन के जरिए विशाल सुगंध से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पुणे में उनकी सीमेंट की ईंट बनाने की फैक्टरी है और उन्हें बड़ी मात्रा में कोयले की आवश्यकता है। इसके बाद आरोपी नागपुर स्थित विशाल के कार्यालय पहुंचे और कोयले की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान उन्होंने नियमित कारोबार और भुगतान का भरोसा दिलाकर व्यापारी का विश्वास हासिल कर लिया।

इसके बाद 30 मार्च 2025 से 13 जून 2025 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग खेप में कुल 300 मीट्रिक टन कोयला खरीदा। इस कोयले की कुल कीमत 22 लाख 50 हजार 736 रुपये बताई गई है। शुरुआत में कारोबारी संबंध सामान्य रहे, लेकिन माल की पूरी आपूर्ति होने के बाद आरोपियों ने भुगतान करने में आनाकानी शुरू कर दी।

Advertisement

विशाल सुगंध ने जब बार-बार बकाया रकम मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। कुछ समय बाद उन्होंने फोन उठाना भी बंद कर दिया। एक दिन संपर्क होने पर शुभम पडवाल ने कथित तौर पर पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।

मामले की सच्चाई जानने के लिए विशाल सुगंध पुणे स्थित आरोपियों के बताए पते पर पहुंचे। वहां जाकर पता चला कि जिस स्थान पर आरोपियों का कार्यालय बताया गया था, वहां किसी अन्य व्यक्ति का कार्यालय संचालित हो रहा है। इसके बाद खुद को ठगा महसूस कर व्यापारी ने नंदनवन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.