नागपुर: नागपुर जिले के खापा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पानी से भरी बाल्टी में डूबने से 11 महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई।
मृत बच्ची की पहचान संध्या मंजीत टेकाम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्ची खेलते-खेलते वाकोडी स्थित वूड्स प्लाय कंपनी परिसर में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। आसपास किसी की नजर न पड़ने से यह हादसा जानलेवा साबित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्ची को तुरंत सावनेर के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पूरी घटना कंपनी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के वक्त बच्ची की निगरानी में कौन था और सुरक्षा में कहां चूक हुई।
गौरतलब है कि इसी कंपनी परिसर में कुछ महीने पहले आग लगने की घटना भी सामने आई थी, जिसके बाद अब सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









