Published On : Wed, Sep 2nd, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

भुरु पर जानलेवा हमले के बाद शरीफ गैंग पर MCOCA की कार्रवाई

गैंग के पांच सदस्य गिरफ्तार; बाबा टाइगर अब भी फरार, वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहा गैंगस्टर भुरु
Advertisement

नागपुर टुडे – पुरानी रंजिश को लेकर गैंगस्टर शेख अकरम उर्फ भुरु शेख रहमान (42) पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शरीफ गैंग के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस जांच में सामने आए आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देने की जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि शहर का चर्चित अपराधी शेख मोहसीन उर्फ बाबा टाइगर उर्फ मूसा फरार है।

11 अगस्त को सोमलवाड़ा चौक स्थित होटल मेमोरीज के सामने भुरु को कार से टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास किए जाने का आरोप है। घटना के बाद शुरुआती तौर पर इसे सड़क हादसा माना गया था। हालांकि, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की जांच में मामले की तस्वीर बदल गई। जांच के दौरान हमले के पीछे पुरानी रंजिश और सुनियोजित तरीके से किए गए हमले की जानकारी सामने आने के बाद प्रकरण को हत्या के प्रयास की दिशा में आगे बढ़ाया गया।

मौत की अफवाह से मचा हड़कंप
मंगलवार को शहर में अचानक भुरु की मौत होने की खबर फैलने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। हालांकि, सोनेगांव पुलिस ने स्पष्ट किया कि भुरु की मौत नहीं हुई है। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर उपचाराधीन है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

Gold Rate
Aug 27 ,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 60,000 /-
Gold 22 KT ₹ 1,48,500 /-
Silver/Kg ₹ 2,41,500/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

कभी वसंतराव नाईक झोपड़पट्टी परिसर में अपनी दहशत के लिए चर्चित रहे भुरु की हालत इस समय जिंदगी और मौत के बीच बनी हुई है। गंभीर हमले के बाद अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के शिकंजे में पांच आरोपी
इस मामले में पुलिस ने बुरडगल्ली, तेलीपुरा निवासी शेख शरीफ शेख सलीम, ताजनगर, मानकापुर निवासी शहबाज खान उर्फ सलमान बिल्ला खान, झिंगाबाई टाकली निवासी आमिर बशीर शेख, मोहम्मद साहिल अलताफ अंसारी और मोहम्मद तौफीक शेख मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के बाद उनके खिलाफ संगठित अपराध से जुड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी आपस में मिलकर पहले भी गंभीर वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इसी आधार पर शरीफ गैंग के खिलाफ MCOCA की कार्रवाई की गई है।

बाबा टाइगर की तलाश तेज
मामले में सबसे चर्चित नाम शेख मोहसीन उर्फ बाबा टाइगर उर्फ मूसा का है, जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के अनुसार, बाबा टाइगर के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें प्रयासरत हैं।

नवंबर 2023 में बाबा टाइगर पर अपनी गैंग के साथ मिलकर कोराडी थाना क्षेत्र में शेख अशफाक शेख मुश्ताक की हत्या करने का आरोप लगा था। आरोप है कि हत्या के दौरान पीड़ित का सिर रेलवे पटरी पर पटक दिया गया था। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।

तड़ीपारी के बावजूद शहर में घूमने का आरोप
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मई माह में तत्कालीन डीसीपी नित्यानंद झा ने बाबा टाइगर के खिलाफ तड़ीपारी की कार्रवाई की थी। उसे छह महीने के लिए जिले से बाहर भेजने के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद वह शहर में घूमता रहा और कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा।

पुलिस जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि बाबा टाइगर ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांजा लूटने के लिए एक गिरोह तैयार किया था। पिछले कुछ महीनों में इस गैंग द्वारा गांजा लूट की कई वारदातों को अंजाम दिए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।

गांजा लूट की शिकायत पुलिस तक पहुंचना भी मुश्किल
गांजा लूट की घटनाओं का एक अलग पहलू यह है कि अवैध रूप से गांजा बेचने वाला व्यक्ति स्वयं पुलिस के पास जाकर अपने माल की लूट की शिकायत करने से बचता है। इसी वजह से ऐसी कई घटनाएं पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो पातीं। पुलिस को संदेह है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर बाबा टाइगर और उसके साथी लंबे समय से गांजा लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

क्राइम ब्रांच की जांच से खुली हमले की परतें
11 अगस्त की घटना के बाद प्रारंभिक रूप से सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया था। लेकिन क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने जांच आगे बढ़ाई तो घटना के पीछे की परिस्थितियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस जांच के दबाव के बाद भुरु के बेटे अमान ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया।

जांच में आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को संगठित अपराध के नजरिए से जांचना शुरू किया। इसी क्रम में शरीफ और उसके साथियों के खिलाफ MCOCA के तहत कार्रवाई की गई।

अब पुलिस के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं—एक ओर वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहे भुरु की हालत पर नजर बनी हुई है, तो दूसरी ओर फरार बाबा टाइगर को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ना पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges

Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.