Published On : Fri, May 17th, 2019

PM मोदी की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस का राहुल ने किया LIVE काउंटर

Advertisement

लोकसभा चुनाव 2019 के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन अपने आप में ऐतिहासिक रहा. जो पिछले पांच साल में देखने को नहीं मिला, वो चुनाव प्रचार के आखिरी दिन हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी टीवी स्क्रीन पर आमने-सामने थे, एक और पीएम थे तो दूसरी ओर से राहुल गांधी उनके लिए सवाल दाग रहे थे. राहुल ने दो टूक सवाल किया कि आपने मुझसे राफेल के मुद्दे पर बहस क्यों नहीं की?

दरअसल, चुनाव प्रचार खत्म होने से ठीक पहले BJP अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे. पिछले पांच साल में ये पहला मौका था जब पीएम किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठे थे. जब PM की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी तब दूसरी ओर राहुल गांधी की भी प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई. PC शुरू होते ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, वेरी गुड.

राहुल ने कहा कि चुनाव नतीजों से पांच दिन पहले प्रधानमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, बहुत अच्छा है. लेकिन मुझे पता लगा है कि वह खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं कर रहे हैं, वह बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद हैं. लेकिन वहां पर तो दरवाज़ा ही बंद कर दिया गया है, कुछ पत्रकारों को तो घुसने भी नहीं दिया जा रहा है.

ना सिर्फ राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया, बल्कि उन्होंने ‘बादल’ वाले बयान पर भी कमेंट किया. राहुल ने कहा कि बालाकोट एयरस्ट्राइक के मुद्दे पर जब प्रधानमंत्री से सवाल हुआ तो वह बादलों की बात कर रहे हैं. वाह, वेरी गुड प्रधानमंत्री जी.

Advertisement

राहुल बोले कि मैं तो 2-3 पत्रकार भेजने वाला था लेकिन पता लगा वहां पर दरवाज़ा बंद है. मैं प्रधानमंत्री से सवाल पूछना चाहता हूं कि PM जी, आपने मुझसे राफेल के मुद्दे पर बहस नहीं की. आप अभी PC कर रहे हैं, मैंने आपको चैलेंज दिया, अनिल अंबानी के मुद्दे पर सवाल पूछा. आप आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं तो देश को बता दीजिए कि आपने मेरे साथ डिबेट क्यों नहीं की.

राहुल से अलग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी एक बार फिर सत्ता में आने वाली है और नई सरकार नए रूप से अपना काम शुरू करेगी. पीएम मोदी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिर्फ बयान जारी किया, लेकिन उन्होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया. प्रधानमंत्री से जो सवाल किया गया, उसका जवाब भी बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने दिया.

आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार बीते पांच साल में इस बात को मुद्दा बनाते रहे हैं कि प्रधानमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करते हैं. राहुल गांधी का दूसरा अहम मुद्दा राफेल डील में कथित घोटाले को लेकर बहस करने पर रहा, राहुल ने कई बार कहा है कि अगर पीएम उनसे राफेल पर बहस करें तो वह 15 मिनट उनके सामने खड़े नहीं हो पाएंगे.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.