
नागपुर – शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नागपुर शहर पुलिस ने 6 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान अलग-अलग नियमों का उल्लंघन करने वाले 2,080 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे कुल 7 लाख 91 हजार 200 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस कार्रवाई में सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने के सामने आए। ऐसे 1,156 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा नो-पार्किंग के 328, बिना लाइसेंस वाहन चलाने के 103, अवैध यात्री परिवहन के 103 और रॉन्ग साइड वाहन चलाने के 62 मामले दर्ज किए गए।
इसी तरह ट्रिपल सीट वाहन चलाने के 58, ओवरस्पीड के 43, जबकि ड्रंकन ड्राइविंग और बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने के 33-33 मामलों में भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की।
नशे और जुए पर भी कार्रवाई
यातायात नियमों के साथ ही पुलिस ने शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ भी अभियान चलाया। नशे से जुड़े 5 मामलों में 7 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख 24 हजार 220 रुपये का माल जब्त किया गया।
वहीं, जुआ खेलने के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी से 745 रुपये बरामद किए।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



