
भंडारा। भंडारा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। पवनी तहसील के अड्याळ क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 9:45 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने शादी से लौट रही मारुति वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
वधु पक्ष से लौट रहे थे बाराती, रास्ते में टूटा कहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवनी तहसील के कोंढा कोसरा गांव से अड्याळ के लिए बारात गई थी। विवाह समारोह संपन्न होने के बाद सभी बाराती मारुति वैन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे , इसी दौरान काल बनकर दौड़े एक 10 चक्का अज्ञात ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिसने खुशियों से भरी इस यात्रा को पल भर में मातम में बदल दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि मौके पर ही थम गई सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी और टक्कर इतनी भयंकर थी कि वैन पूरी तरह चकनाचूर हो गई। घटनास्थल का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। वैन में सवार 4 महिलाओं और 1 पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
मृतकों में मासूम से लेकर दंपती तक शामिल
इस दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय श्वेता नगरे, प्रभाकर चाचरकर, उनकी पत्नी मुन्नी चाचरकर, नयना नगरे और दुर्गा नगरे (मां-बेटी) की जान चली गई। बताया जा रहा है कि घायलों में दूल्हे के रिश्तेदार भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, अड्याळ निवासी सुदर्शन नान्हे का विवाह पास के कोंढा गांव में संपन्न हुआ था और मेहमानों को वापस लाने के दौरान यह हादसा हुआ।
इलाके में शोक की लहर, हर आंख नम
शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने अड्याळ और कोंढा कोसरा गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत को उजागर कर दिया है-जहां कुछ ही पलों में हंसी-खुशी से भरा परिवार अपनों को खो बैठा।
रवि आर्य









