
नागपुर: शहर के चिंचभवन इलाके में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया, जब पेट्रोल पंप के पास खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास खड़ा एक ट्रक नागपुर से जबलपुर मिर्ची लेकर जाने वाला था। चालक ने ट्रक को रात में वहीं खड़ा कर दिया था। सुबह ट्रक स्टार्ट नहीं होने पर दूसरी बैटरी लगाकर उसे चालू करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान अचानक चिंगारी उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे ट्रक को आग की चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों की तत्परता के कारण आग पेट्रोल पंप तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि इस घटना में ट्रक में लदा अधिकांश मिर्ची का माल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








