Published On : Sun, Nov 15th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

युवाओं को बुलाने की बात पर छपती है गडकरी के रिटायरमेंट की खबर, केंद्रीय मंत्री ने मीडिया पर कसा तंज

Advertisement

नागपुर, 15 नवंबर: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने युवाओं को नेतृत्व और जिम्मेदारी सौंपने की अपनी सोच को लेकर मीडिया पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जब भी वह नई पीढ़ी को आगे लाने और युवाओं को अवसर देने की बात करते हैं, तो मीडिया में उनके रिटायरमेंट की खबरें चलने लगती हैं।

एग्रोविजन के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में गडकरी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं कहता हूं कि अब युवाओं को बुलाओ, तो आप लोग झूठी खबर छापते हो कि गडकरी रिटायर होने वाले हैं।”

उनकी इस टिप्पणी पर वहां मौजूद लोगों के बीच हंसी के ठहाके गूंज उठे।

गडकरी ने स्पष्ट किया कि युवाओं को आगे लाने के पीछे उनका उद्देश्य राजनीतिक संन्यास नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपना और अनुभव व ज्ञान का हस्तांतरण करना है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आपकी पीढ़ी अपना काम करती रहेगी और मैं अपना काम करता रहूंगा। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि पानी के क्षेत्र में काम शुरू करने के समय से अब तक उनकी उम्र 26 साल बढ़ चुकी है, इसलिए अब वह युवाओं को आगे लाने की बात करते हैं।

Advertisement

नई पीढ़ी को अनुभव सौंपने पर जोर

गडकरी ने कहा कि समय की मांग है कि एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक ज्ञान, अनुभव और जिम्मेदारियों का हस्तांतरण हो। यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और हर क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को समाज, गांव, गरीबों, मजदूरों और किसानों के हित से जुड़ा बताया।

एग्रोविजन के 17 वर्षों के योगदान का उल्लेख

केंद्रीय मंत्री ने एग्रोविजन के पिछले 17 वर्षों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान विदर्भ में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि क्षेत्र में मदर डेयरी की शुरुआत हुई और दूध उत्पादन में भी वृद्धि दर्ज की गई।

गडकरी ने संकेत दिया कि युवाओं को अवसर देने और नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने की उनकी सोच को रिटायरमेंट से जोड़कर देखना गलत है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.